अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से पहले पांच अगस्त को भूमि पूजन का कार्यक्रम होना है। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को अयोध्या में होंगे और इस दौरान वह भूमि पूजन करेंगे। भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर अयोध्या में उत्सव का मौहाल है। ऐसे में लोगों के बीच एक सवाल यह है कि आखिर राम मंदिर बनने के बाद देखने में कैसा होगा। लोगों की इस जिज्ञासा का जवाब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने दिया है। ट्रस्ट की तरफ से राम मंदिर  प्रस्तावित मॉडल की तस्वीर साझा की गई है।

चारों दिशाओं से खुलेंगे चार द्वार:  भव्य राम जन्मभूमि मंदिर में चार दरवाजे होंगे जो चारों दिशाओं में खुलेंगे। वही मंदिर में तीन तल होंगे। यह 45 एकड़ में फैला होगा। इसके अलावा मंदिर परिसर में धर्मशाला और गौशाला बनाने का भी प्रस्ताव है। राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए कई वर्षों से पत्थर इकट्ठा कर अयोध्या में रखा गया है। इन्हें तराशा भी जा चुका है। दिल्ली एक निजी कंपनी को पत्थर तराशने का काम दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक पूरे मंदिर में कुल 318 स्तंभ होंगे। मंदिर के प्रत्येक तल पर 106 स्तंभ बनाए जाएंगे। वहीं लागत की बात करें तो मंदिर को बनाए जाने की लागत 100 करोड़ से अधिक होगी। इसे बनाने में साढ़े तीन साल का समय लगेगा।

मंदिर में पांच गुंबद:  नए प्रस्तावित मॉडल के मुताबिक मंदिर में अब कुल पांच गुंबद होंगे। इससे पहले प्रस्तावित मॉडल में दो ही गुंबद थे। लेकिन मंदिर की भव्यता बढ़ाने के लिए अब पांच गुंबद बनाए जाएंगे। पांचों गुंबदों के नीचे चार हिस्से होंगे। इसमें सिंहद्वार, नृत्य मंडप, रंगमंडप होंगे। यहां श्रद्धालुओं के बैठने और विचरण करने के और विविध कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जगह बनाई जाएगी।

बता दें कि मुख्य पूजन पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित शुभ मुहूर्त पर किया जाएगा। यह मुहूर्त सिर्फ 32 सेकेंड का होगा जो मध्याह 12 बजकर 44 मिनट आठ सेकेंड से लेकर 12 बजकर 44 मिनट 40 सेकेंड के बीच होगा।