अयोध्या इस समय राममय हो गई है। हर तरफ जय श्री राम के नाम की घोषणा हो रही है। भक्त इस समय भक्ति में डूबे हैं। प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान का समापन हो गया है। वहीं आज रात राम मंदिर में ज्योति जलाई जाएगी। पूरा अयोध्या रोशनी से नहा लेगा। इसके लिए लाखों दीये प्रज्वलित किए जाएंगे।
बता दें कि बाराबंकी की 300 महिलाओं के समूह ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। महिलाओं ने पूरी रात काम करके 12 घंटे में एक लाख दीये बनाने का काम पूरा किया है। इन दीयों को उपयोग राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद जश्न मनाने के लिए किया जाएगा। इन दीयों की रोशनी से पूरी अयोध्या को रोशन किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि सूर्य कुंड में इन ईको फ्रेंडली दीयों का उपयोग किया जाएगा।
एनजीओ से जुड़े निमित सिंह (33) ने कहा कि उन्हें 18 जनवरी को अयोध्या नगर आयोग ऑफिस से एक लाख दीयों का ऑर्डर मिला। “प्रत्येक दीये की कीमत 5 रुपये होने के कारण 5 लाख के कॉन्ट्रैक्ट के साथ, मैंने तुरंत चैनपुरवा और रजौली गांवों की महिलाओं को एकजुट किया… कुछ ही घंटों में 300 महिलाएं दीये बनाने के लिए तैयार हो गईं।
12 घंटे में महिलाओं ने पूरा किया काम
महिलाएं इस पवित्र आयोजन पर अपनी भक्ति के कारण योगदान देने की इस कदर इच्छुक थीं कि उन्होंने 12 घंटे के रिकॉर्ड समय में ही काम पूरा कर दिया।” दीये बनाने के लिए महिलाओं ने पूरी रात काम किया। इसके बाद 20 जनवरी को अयोध्या नगर आयोग के ऑफिस में दीये पहुंचा दिए गए।
आईएएस अधिकारी और मसोधा ब्लॉक विकास अधिकारी पूजा साहू ने कहा “पारंपरिक तेल के दीयों की जगह मोम के दीये पर्यावरण को साफ रखते हैं। इन्हें बनाने में किसी पेंट का इस्तेमाल नहीं किया जाता है।” आयोग को हाल ही में मोम के दीयों के बारे में पता चला। ये दीये इको फ्रेंडली हैं। इसके कारण महिलाओं को रोजगार भी मिला। अधिकारियों के अनुसार, 22 जनवरी को अयोध्या में लगभग 10 लाख तेल के दीपक जलाए जाने की संभावना है। शाम को अयोध्या दीयों की रोशनी से जगमगा जाएगी।