राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Rajasthan CM Ashok Gehlot) ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर बड़ा आरोप भी लगाया है। अशोक गहलोत ने कहा है कि बीजेपी और आरएसएस (BJP & RSS) के लोग लोगों को धर्म के नाम पर भड़काते हैं और फिर दंगे करवाते हैं। अशोक गहलोत ने कहा कि बीजेपी गाय के नाम पर गंदी राजनीति करती है।

बीजेपी गायों के नाम पर राजनीति करती है: अशोक गहलोत

अशोक गहलोत ने राजस्थान के जालोर सर्किट हाउस में मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गायों के नाम पर बीजेपी केवल राजनीति करती है, जबकि गायों की सबसे अधिक सेवा कांग्रेस ने की है। उन्होंने बीजेपी से पूछा कि हम गाय के नाम पर वोटों की बात नहीं करते, तो क्या हम हिंदू नहीं हैं? इसके अलावा अशोक गहलोत ने चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्थान में जो भी शांति भंग करने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बीजेपी के राम मंदिर प्रचार को लेकर अशोक गहलोत ने कहा कि कुछ लोग तो सिर्फ राम मंदिर की राजनीति के लिए ही हिंदू बन गए हैं, उनका हिंदू धर्म से कोई वास्ता ही नहीं है। साथ ही अशोक गहलोत ने कहा कि राजनीति के लिए हिंदू धर्म को नहीं मानने वाले लोग भी हिंदू बन गए थे। अशोक गहलोत ने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा कि हम राजस्थान में उनका एजेंडा नहीं चलने देंगे और राजस्थान में हिंदुत्व का एजेंडा नहीं बनने देंगे।

आलोचना बर्दाश्त करना सीखनी चाहिए: गहलोत

अशोक गहलोत ने कहा कि आरएसएस और भाजपा के लोगों को भी आलोचना बर्दाश्त करना सीखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आलोचना आभूषण है और विपक्ष नहीं होगा तो पक्ष कहां होगा? अशोक गहलोत ने कहा कि आलोचना सुनने का मादा होना चाहिए और देश हित की बात करते हो तो आलोचना वाले आर्टिकल पढ़ना शुरू कर दो।

अशोक गहलोत ने कहा कि हम पब्लिक प्रॉपर्टी हैं और जनता के ट्रस्टी हैं, हमें सुनना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महंगाई को कम करने को लेकर हमने बजट पेश किया है, उसी के अनुरूप में आगे बढ़ रहे हैं।