दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार के आखिरी दौर में भाजपा और कांग्रेस ने विपक्षी पार्टी आप की घेरेबंदी तेज कर दी है। चंदे में गड़बड़ी के भाजपा के आरोप के जवाब में आम आदमी पार्टी ने कहा है कि चंदे की एक-एक पाई का हिसाब सार्वजनिक पटल पर है। फि र भी पार्टी हर तरह की जांच के लिए तैयार है।
आप ने केंद्र सरकार को चुनौती दी है कि वह किसी भी केंद्रीय एजंसी से इसकी जांच करा ले। इसके साथ ही भाजपा और कांग्रेस को भी चुनौती दी कि वे अपने चंदे का हिसाब दें। आप नेता योगेंद्र यादव ने कहा है कि हार के डर से भाजपा व दूसरे विरोधी दल आप को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि जनता गुमराह हो जाए व उसक ा ध्यान अहम मुद्दों से भटक जाए।
चंदे में घोटाले के आरोप पर आम आदमी पार्टी ने कहा है कि उसके पैसे का पूरा ब्योरा कोई भी देख सकता है। आप ने दावा किया है कि उसके चंदे चेक से लिए गए हैं। यादव ने चंदे में कथित घोटाले के आरोप के जवाब में कहा है कि हम हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। आप नेता यादव ने कहा है कि आम आदमी पार्टी के चंदे में कथित घोटाले का जो आरोप लगाया गया है वह भाजपा की मन:स्थिति को दर्शाता है।
आप नेता ने दावा किया है कि आप एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके चंदे की पाई-पाई का हिसाब जनता के सामने है। वे वेबसाइट पर दिए इस पूरे ब्योरे की पड़ताल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने ये चंदे चेक से लिए हैं। आधी रात को बैंक से चेक का पैसा लेने का आरोप न केवल आधारहीन है बल्कि यह पार्टी को बदनाम करने की साजिश है। जब चेक से पैसा पार्टी फंड में आ जाता है तब हम उसका ब्योरा वेबसाइट पर डाल देते हैं। इस मामले में जैसे-जैसे चेक आते गए उसे रात को अपलोड किया जाता रहा है। इसकी भाजपा गलत व्याख्या कर रही है कि आधी रात को पैसे लिए गए।
यादव ने कहा कि कांगे्रस की यूपीए व भाजपा की राजग सरकार दोनों को ही चुनौती देते हैं कि वह अपने चंदे का ब्योरा सार्वजनिक करे। यादव ने कहा कि पहले भी पार्टी के चंदे पर सवाल उठाए गए। आप के चंदों की दो बार गृह मंत्रालय ने भी जांच कराई थी, जिसमें केंद्र सरकार ने अदालत को लिख कर दिया कि चंदे में की गई जांच में पाया गया कि चंदा देने वालों के पास भारतीय पासपोर्ट है इस लिए उनके खिलाफ विदेशी चंदा लेने का मामला नहीं बनता। पार्टी एक बार फिर जांच के लिए तैयार है। जिससे चाहे जांच करा लें। पहले भी दोनों सरकारों ने जांच करा के देख लिया उनके हाथ कुछ भी नहीं आया। सभी दानदाताओं के पैन नंबर उनके नाम व पते सभी कुछ दर्ज हैं।
यादव ने कहा कि आप जिस साफ्टवेयर से चंदे का ब्योरा अपलोड करती है वह किस्तों में इसे बेजसाइट पर पहुंचाता है। इसी को विपक्षी पार्टी ने आधी रात को लिया गया पैसा बताया है। यादव ने यह भी कहा कि सोमवार से पार्टी को बदनाम करने वाले प्रचार अभियान को चलाया जा रहा है ताकि जनता भ्रमित हो जाए।