बुधवार को संसद में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज देश में दो हिंदुस्तान बन रहे हैं। एक अमीरों का हिंदुस्तान और दूसरा गरीबों का हिंदुस्तान। इन दोनों के बीच खाई बढ़ती जा रही है। आज रोजगार ढूंढने के लिए बिहार और उत्तरप्रदेश में जो हुआ, उसकी चर्चा तक नहीं की गई। गरीब हिंदुस्तान के पास आज रोजगार नहीं है।

उनके इसी बयान पर आजतक न्यूज चैनल पर टीवी डिबेट के दौरान भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि दो भारत नहीं हैं। भारत एक ही है और एक ही रहेगा। लेकिन कुछ लोगों ने भारत के टुकड़े टुकड़े किए थे और करना चाहते हैं। परन्तु दो राहुल जरूर हैं। एक बुरे राहुल गांधी जो परिवारतंत्र में विश्वास करते हैं। दूसरे हैं बहुत बुरे राहुल गांधी जो लोकतंत्र में इतनी भी आस्था नहीं रखते और कहते हैं कि चुनाव आयोग और न्यायपालिका यूनियन ऑफ़ इंडिया को अटैक करने का एक यंत्र है।

उनके इस बयान पर पलटवार करते हुए टीवी डिबेट में मौजूद रहीं कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि जब पेगासस को लेकर खुलासा होता है तो सरकार के मुंह पर टेप लग जाता है। इजरायल से खरीदे गए सॉफ्टवेयर से चुनाव आयुक्त अशोक लवासा, पूर्व सीजीआई तक की जासूसी कराई गई। इसके अलावा भी कई नेताओं की जासूसी कराई गई। इसे कहते हैं संस्थाओं को कमजोर करना। हमने देखा है कि ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स सरकार के मोर्चे की तरह काम कर रही है।

बुधवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश को बाहर और अंदर दोनों तरफ से खतरा है। मैं अपने देश को बाहर पूरी तरह से अलग-थलग खड़े देखकर, इसके अंदर की लड़ाई, संस्थानों पर कब्ज़ा और राज्यों को एक दूसरे से बात करने में अक्षम देखकर बहुत असहज हूं। इस अद्भुत राष्ट्र और इसके लोगों को जोखिम में डाला जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने पेगासस का जिक्र करते हुए कहा कि पेगासस स्पाईवेयर के जरिए संस्थाओं को खत्म किया जा रहा है। पीएम इजरायल जाकर पेगासस लेकर आए थे जिसका इस्तेमाल कर जासूसी कराई जा रही है। सरकार इस देश के लोगों का अपमान नहीं कर सकती है।