भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी पर उनके ‘‘गांधी हमारे हैं, सावरकर आपके’’ वाले बयान को लेकर रविवार (27 मार्च) को तीखा हमला किया और भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करें। शाह ने भाजपा की ओर से यहां आयोजित किसानों की रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस अब हमारे राष्ट्रीय नायकों का अपमान करने पर तुली हुई है। कांग्रेस और राहुल गांधी अब वीर सावरकर पर निशाना साध रहे हैं। राहुल जी ने सावरकर के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। राहुल गांधी ने संसद में भाजपा से कहा कि सावरकर हमारे (भाजपा के) हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल जी हम आपके विचार स्वीकार करते हैं। भाजपा को यह स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं कि सावरकर हमारे हैं। राहुल जी आपको सावरकर के बारे में कुछ भी पता नहीं है। भाजपा कार्यकर्ता सावरकर के जीवन और देश के लिए उनके प्रेम से प्रेरणा लेते हैं। हमें इसका गर्व है कि उनके जैसा व्यक्ति का जन्म भारत में हुआ।’’

राहुल गांधी ने इस महीने के शुरू में लोकसभा में एक चर्चा में सावरकर का उल्लेख करते हुए सत्तापक्ष से कहा था, ‘‘हमारे पास गांधी हैं, आपके पास सावरकर।’’ जब भाजपा सदस्यों ने विरोध किया, कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मैंने केवल यह कहा कि गांधी हमारे हैं और सावरकर आपके। क्या मैंने कुछ गलत कहा? क्या सावरकर आपके नहीं? क्या आपने उन्हें छोड़ दिया? यदि आपने ऐसा किया है तो आपने बहुत अच्छा काम किया है।’’

भाजपा अध्यक्ष शाह ने कांग्रेस पर उसके वरिष्ठ नेता शशि थरूर की टिप्पणी को लेकर भी तीखा हमला बोला जिसमें उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह और राजद्रोह के आरोपों का सामना कर रहे जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार के बीच तुलना की थी। शाह ने कहा, ‘‘अब आप भगत सिंह की तुलना कन्हैया कुमार से कर रहे हैं? आप उनका समर्थन कर रहे हैं जो भारत को टुकड़ों में तोड़ना चाहते हैं? आप भगत सिंह और सावरकर का अपमान कर रहे हैं और हमसे कह रहे हैं कि सावरकर हमारे हैं? हम आपको बताना चाहते हैं कि सावरकर वास्तव में हमारे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि राहुल जी ने अपनी दादी के बारे में नहीं पढ़ा है। इंदिरा गांधी ने सावरकर स्मारक के निर्माण के लिए अपनी बचत में से 11 हजार रूपये दान दिये थे। यद्यपि राहुल गांधी को उसके बारे में नहीं पता।’’ शाह ने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ देशव्यापी अभियान का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस ने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर एक अजीब चर्चा शुरू कर दी है। हम कांग्रेस की इस चुनौती को स्वीकार करते हैं। ये भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है कि वह हमारे देश के प्रति प्रेम को नया बनाने और देशभक्तों की फौज खड़ी करने के लिए देश के प्रत्येक घर तक पहुंच बनाये।’’

भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अगले वर्ष के गुजरात विधानसभा चुनाव की तैयारी करें। शाह ने कहा, ‘‘हमें पूर्ववर्ती चुनाव से अधिक सीटें प्राप्त करने का लक्ष्य रखना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस देश से गरीबी को उखाड़ फेंकने में असफल रही। वह युवाओं को नौकरी मुहैया कराने में असफल रही। वह गांवों का विकास करने में असफल रही। यही कारण है कि वे विभिन्न राज्यों में सत्ता गंवा रहे हैं।’’