Amit Shah On CAA: देश में चुनावी माहौल है और सभी राजनीतिक दल प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। इसमें नागरिकता संशोधन कानून की चर्चाएं भी काफी जोर पकड़ रही हैं। एक तरफ विपक्षी दल सीएए का विरोध कर रहे हैं तो दूसरी तरफ बीजेपी सरकार विपक्षी नेताओं पर कानून को लेकर निशाना साध रही है। इसी बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी विकास के आधार पर चुनाव नहीं लड़ सकती, इसलिए वे चुनावी फायदा लेने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति का सहारा ले रही है।
अमित शाह ने कहा कि 1960 के दशक से कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति को अपना हथियार बनाया। हम सालों से इसके खिलाफ लड़ रहे थे। 2014 के बाद से पीएम मोदी ने लोगों के बीच विकास का एजेंडा तय किया और उसी के आधार पर देश में चुनाव की शुरुआत हुई। कांग्रेस को विकास के आधार पर चुनाव लड़ने में दिक्कत हो रही है, वह लगातार चुनाव हार रही है। वे एक बार फिर तुष्टीकरण की राजनीति के आधार पर आगे बढ़ना चाहते हैं।
कांग्रेस को सीएए पर क्या आपत्ति
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पी चिदंबरम ने कहा था कि अगर केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है तो सीएए को संसद के पहले ही सत्र में रद्द कर दिया जाएगा। कांग्रेस का मकसद सीएए को रद्द करना है, चाहे वो घोषणापत्र में हो या न हो। शाह ने कहा कि मुझे समझ में नहीं आता कि कांग्रेस को सीएए से क्या आपत्ति है। सीएए किसी की नागरिकता नहीं छीनेगा, वे तुष्टिकरण की राजनीति करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
कांग्रेस के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे
अमित शाह ने कहा कि मैं चिदंबरम से कहना चाहता हूं कि उनके इरादे कभी पूरे नहीं होंगे। जनता कांग्रेस पार्टी को अच्छे से समझ चुकी है। जहां तक तीन कानूनों (आपराधिक कानून) का सवाल है, तो चिदंबरम खुद समिति का हिस्सा थे। उन्होंने कई बार सकारात्मक सुझाव दिए और उनकी सराहना भी की। तीन कानून देश की आपराधिक न्याय प्रणाली को दुनिया में सबसे आधुनिक बनाएंगे। कांग्रेस भ्रष्टाचार के मामलों का परिणाम नहीं चाहती। वह चाहती है कि न्याय लंबित रहे। लेकिन भाजपा और नरेंद्र मोदी की नीतियां साफ हैं कि हर नागरिक को कम से कम समय में न्याय पाने का संवैधानिक अधिकार है। हम ऐसा करने के लिए समर्पित हैं।
कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति से बाहर निकले
कांग्रेस न तो सत्ता में आने वाली है और न ही निर्णय लेने वाली है। मैं देश के लोगों को आश्वासन देता हूं, सीएए रहेगा और तीन (आपराधिक) कानून लागू होंगे। 3 साल के अंदर हर नागरिक को न्याय मिलेगा। ऐसी न्याय व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। हर शरणार्थी को नागरिकता मिलेगी। इसके बारे में कोई संदेह नहीं है। मैं कांग्रेस नेताओं को सुझाव देना चाहता हूं कि आप कई बार चुनाव हार चुके हैं, तुष्टीकरण की राजनीति से बाहर निकलें और विकास के एजेंडे पर काम करने की कोशिश करें।