सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक तस्वीर ट्वीट करते हुए यूपी की योगी सरकार को निशाने पर लिया है। तस्वीर में एक महिला की छाती पर एक पुलिसवाला बैठा दिखायी दे रहा है। एक शख्स पुलिसवाले को खींच रहा है। अखिलेश ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘उप्र में भाजपा सरकार के कृपापात्र ने कुछ पुलिसकर्मियों के दुर्व्यवहार से प्रदेश की समस्त पुलिस की छवि धूमिल होती है। भाजपा के शासन में दुशासन की कमी नहीं है।’
अखिलेश ने हैश टैग के साथ लिखा, ‘नहीं चाहिए भाजपा, घोर निंदनीय!’ सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि घटना कानपुर देहात के भोगनीपुर इलाके की है। वीडियो देखने पर पता चलता है कि कथित दरोगा महिला के सीने पर बैठा था और महिला ने भी उसकी कॉलर पकड़ रखी थी। वह ‘छोड़ दो-छोड़ दो भी बोल रहा था।’ कुछ सेकंड के इस वीडियो में पूरा मामला पता नहीं चल पाया लेकिन इस पर लोग तरह-तरह के कमेंट करने लगे।
मामला कानपुर देहात के भोगनीपुर इलाके है । दरोगा जी महिला की छाती पर बैठे है महिला ने दरोगा का कॉलर पकड़ रखा है । महिला अपराधी भी नही है और न ही पुलिस टीम के साथ महिला कांस्टेबल ही है ।#UPPolice pic.twitter.com/DxVD0dAYIF
— Prajarajyam (@Prajarajyam3) July 17, 2021
वीडियो देखने के बाद कई यूजर ने योगी सरकार और पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। बता दें कि कुछ दिन पहले ही ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के दौरान भी यूपी में महिला उम्मीदवार के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया था। तब से विपक्ष योगी सरकार को घेर रहा है और कह रहा है कि यूपी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी लखीमपुर खीरी पहुंची हुई थीं। महिलाओं पर कथित अत्याचार को लेकर उन्होंने भी योगी सरकार पर निशाना साधा। प्रियंका ने ‘चीरहरण कांड’ का जिक्र करते हुए कहा कि पंचायत चुनावों में महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ है. बता दें कि रितु सिंह और अनीता यादव के साथ बदसलूकी का वीडियो सामने आया था।
प्रियंका गांधी ने कहा कि इस घटना पर यूपी की सरकार मौन है लेकिन कांग्रेस इन महिलाओं के साथ है। ये महिला हैं, मेरी बहन हैं इसलिए मैं इनसे मिलने आई हूं। उन्होंने यह भी कहा कि यहां का चुनाव रद होना चाहिए और दोबारा चुनाव होने चाहिए।

