यूपी चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी राजनीतिक पार्टियां एक्टिव हो गई हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक फोटो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी एक ही फ्लाइट में आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं।

ये फ्लाइट दिल्ली से लखनऊ आ रही थी। फ्लाइट में मौजूद लोगों ने बताया कि इस दौरान अखिलेश और प्रियंका ने एक दूसरे का अभिवादन किया और एक-दूसरे का हालचाल पूछा। दोनों नेताओं के बीच कुछ मिनट बात भी हुई।

अखिलेश यादव शुक्रवार को दिल्ली दौरे पर थे और यहां उन्होंने अपने पिता मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की, इसके बाद वह लखनऊ वापस लौट रहे थे।

वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी लखनऊ आ रही थीं। वह शनिवार को बाराबंकी में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी।

दोनों नेताओं की फ्लाइट में अचानक हुई इस मुलाकात से सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गरम है। इस तस्वीर को देखने के बाद कुछ लोग ये कहते दिखाई दिए कि क्या दोनों पार्टियां आपस में गठबंधन करने का मूड बना रही हैं, वहीं इस मुद्दे पर सपा नेता उदयवीर सिंह का कहना है कि दोनों पार्टियों के बीच कोई गठबंधन की संभावना नहीं है, क्योंकि अखिलेश यादव ये कह चुके हैं कि हमारी पार्टी किसी भी राष्ट्रीय पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी और छोटे दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।

बता दें कि देश की राजनीति में यूपी का चुनाव हमेशा केंद्र में रहता है, क्योंकि ये माना जाता है कि दिल्ली की गद्दी संभालनी है, तो यूपी को जीतना होगा। ऐसा इसलिए भी है कि यूपी देश का सबसे बड़ा सियासी सूबा है। यहां 75 जिले, 403 विधानसभा सीटें, 80 लोकसभा सीटें और 31 राज्यसभा सीटें हैं।

यूपी में वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 14 मार्च 2022 को खत्म हो रहा है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि इससे पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। हालांकि अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है।