हैदराबाद से सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने असम में बाल विवाह के चलते बड़ी संख्या में लोगों की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा (CM Himanta Biswa Sarma) से पूछा है कि जिनकी शादी हो चुकी है उन लड़कियों का आप क्या करेंगे? ओवैसी ने असम सरकार पर मुस्लिमों के साथ पक्षपात करने का आरोप लगाया है।
Asaduddin Owaisi ने साधा हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने 4 हजार से अधिक मामले दर्ज किए हैं। आप नए स्कूल क्यों नहीं खोल रहे हैं? ओवैसी ने असम सरकार से पूछा, “जिनकी शादी हो चुकी है उन लड़कियों का आप क्या करेंगे? उनकी देखभाल कौन करेगा? आपने 4,000 मामले दर्ज किए। आप नए स्कूल क्यों नहीं खोल रहे हैं?”
BJP सरकार मुसलमानों के ख़िलाफ- असदुद्दीन ओवैसी
बाल विवाह के खिलाफ असम सरकार की कार्रवाई पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “भाजपा की सरकार मुसलमानों के ख़िलाफ है। इन्होंने ऊपरी असम में भूमिहीन लोगों को पट्टे बांटे, लेकिन निचले असम में इन्होंने कुछ नहीं किया।” AIMIM प्रमुख ने लखनऊ में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, “पिछले 6 साल से वहां बीजेपी की सरकार है। उन्होंने इसके बारे में क्या किया? यह उनकी असफलता है। उन्होंने कितने स्कूल खोले? जब वे कार्रवाई कर रहे हैं, तो वे उन लड़कियों के बारे में क्या करेंगे जिनकी शादी हो चुकी है? असम सरकार मुस्लिम विरोधी है, पक्षपाती है।”
असम में Child Marriage के आरोप में अब तक 2211 गिरफ्तार
गौरतलब है कि असम में बाल विवाह के आरोप में अब तक 2211 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गुवाहाटी, विश्वनाथ, गोलापारा, करीमगंज, मोरी गांव, बोंगाईगांव, जोरहाट में कार्रवाई की गई है। असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि अब तक पूरे प्रदेश में बाल विवाह से संबंधित 4,074 केस दर्ज किए गए। पुलिस ने कहा कि उनके पास 8,000 आरोपियों की सूची है और यह अभियान जारी रहेगा। वहीं, महिलाओं ने विभिन्न जिलों में इस कदम का यह कहते हुए विरोध भी किया कि उनके सामने आजीविका की समस्या होगी।