कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा चल रही है और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के कई वीडियो वायरल हुए। कभी बारिश में भीगते हुए तो कभी रोड पर पुशअप लगाते हुए। वहीं अब राहुल गांधी का एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें राहुल गांधी पानी की टंकी पर चढ़ कर तिरंगा फहराते हुए नजर आ रहे हैं।
राहुल गांधी कर्नाटक के चित्रदुर्ग पहुंचे और यात्रा के दौरान एक पानी की टंकी दिखी। इसके बाद राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गए। राहुल गांधी ने इसके बाद कांग्रेस नेताओं के साथ पानी की टंकी पर तिरंगा फहराया। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार भी इस दौरान राहुल गांधी के साथ थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी की।
वहीं राहुल गांधी ने कर्नाटक के चित्रदुर्ग स्थित मोलाकलमुरु में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “हम भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को देश का बंटवारा करने और नफरत फैलाने नहीं देंगे। इस देश को विभाजित करना इस देश के हित के खिलाफ है। इससे देश मजबूत नहीं बल्कि कमजोर होगा।
राहुल गांधी ने बेरोजगारी और भाषा को लेकर भी बीजेपी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आज देश में पिछले 45 सालों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी दर है। आज बेरोजगार युवा पूछ रहा है कि वे कन्नड़ भाषा में टेस्ट क्यों नहीं दे सकता। एक भाषा इतिहास है, संस्कृति है, यह कल्पना है और किसी को भी उनकी भाषा में बोलने से रोकना नहीं चाहिए। बीजेपी और आरएसएस ऐसा प्रचार करते हैं जैसे कन्नड़ एक सहायक भाषा है और इसका सम्मान नहीं करना है। लेकिन हम सभी भाषा का सम्मान करते हैं और कन्नड़ भाषा का हमारे लिए काफी महत्त्व है।
पानी की टंकी पर झंडा फहराते राहुल गांधी, देखें वीडियो
राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले बारिश में भीगते हुए भाषण भी दिया था। वहीं राहुल गांधी ने मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के बीच सड़क पर पुश-अप्स किए थे। इस दौरान उनके साथ एक बच्चा भी था। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने भी राहुल गांधी के साथ पुश अप्स लगाए थे। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी वायरल हुआ था।