जम्मू। पाकिस्तान ने एक दिन शांत रहने के बाद शनिवार को फिर सीमा पर गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जिसका भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार रात से पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी बंद थी। लेकिन शनिवार को बिना किसी उकसावे के पाक सैनिकों ने पुंछ जिले के बनावत सेक्टर में मौजूद दस भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।

 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाक की ओर से दोपहर करीब एक बजे गोलीबारी की गई। खबर आने तक गोलीबारी जारी थी। हालांकि, इस गोलीबारी से किसी के घायल होने या मारे जाने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि भारत की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई है। पर पाकिस्तान की ओर से इस गोलीबारी पर अभी तक कोई बयान नहीं आया है।