पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से जुड़े आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भगवानों के बीच भी बंटवारे करने का आरोप लगाया है। आचार्य प्रमोद ने ट्वीट किया कि सत्ता के लिये अभी तक “भगवान” को “अल्लाह” से लड़ाया जाता था, लेकिन बंगाल में भाजपा ने भगवान राम को माँ “दुर्गा” से लड़वा दिया।
आचार्य प्रमोद ने इससे पहले एक समाचार चैनल पर कहा था कि सत्य, अहिंसा और सद्भावना का नाम हिंदू है। तपस्या और बलिदान का नाम हिंदूत्व है। सर्वे भवन्तु सुखिन: की भावना का नाम हिंदुत्व है। वासुधैव कुटुंबकम की भावना का नाम हिंदुत्व है। उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा था कि राम का नाम लेकर सत्ता पाने का नाम हिंदुत्व नहीं हो सकता है। राम के नाम पर किसी का गला काटने का नाम हिुदुत्व नहीं हो सकता है। राम के नाम पर किसी के घर के चिराग बुझाने का नाम हिंदुत्व नहीं हो सकता है। राम के नाम पर किसी महिला का अपमान का नाम हिंदुत्व नहीं हो सकता है।
इधर झाड़ग्राम में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भगवान राम मां दुर्गा की पूजा करते थे क्योंकि वह ‘कद’ में उनसे बहुत बड़ी हैं। आप बीजेपी को वोट न दें अगर ये जीत जाएंगे तो आप अपनी धर्म को नहीं मान पाएंगे। आप ‘जय सिया राम’ नहीं बोल पाएंगे।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में बंगाल में बीजेपी की तरफ से जय श्री राम के नारे लगाए जा रहे हैं। विरोधियों का कहना है कि बंगाल में बीजेपी जय श्री राम के नारे के दम पर सामाजिक विद्वेष को बढ़ाना चाहती है। बंगाल की संस्कृति में ‘जय सिया राम’ कहे जाने की बात रही है। नारी शक्ति को सम्मान दिया जाता रहा है।
बताते चलें कि बीजेपी समर्थकों के द्वारा कई मौकों पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने भी जयश्री राम के नारे लगाए गए थे। जिसके बाद एक सभा में ममता बनर्जी ने मां चंडी का पाठ किया था।