पंजाब विधानसभा चुनाव होने में अभी एक साल का समय है। लेकिन कांग्रेस की अमरिंदर सिंह वाली सरकार के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। एबीपी न्यूज-सी वोटर के ओपिनियन पोल के अनुसार अगर अभी चुनाव हों तो अमरिंदर सिंह की सत्ता जा सकती है और पंजाब में आम आदमी पार्टी सत्ता पर काबिज हो सकती है। किसानों के केंद्र सरकार से नाराजगी का ज्यादा फायदा आम आदमी पार्टी को हो सकता है।

एबीपी न्यूज-सी वोटर के ओपिनियन पोल के अनुसार अगर अभी चुनाव हुए तो आम आदमी पार्टी को करीब 37 फीसदी वोट मिल सकते हैं। वहीं अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस को 32 फीसदी वोट और शिरोमणि अकाली दल को करीब 21 फीसदी वोट मिल सकते हैं। हालांकि भाजपा का प्रदर्शन काफी बुरा हो सकता है। भाजपा को सिर्फ 5 फीसदी वोटों से संतोष करना पड़ सकता है। इसके अलावा अन्य पार्टियों और निर्दलीयों को भी करीब 5 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

वहीं एबीपी न्यूज-सी वोटर ओपिनियन पोल के अनुसार अगर सीटों की बात करें तो आम आदमी पार्टी को करीब 51- 57 सीट मिल सकती है। साथ ही कांग्रेस को 43-49 सीटें और अकाली दल को 12-18 सीटें मिल सकती है। भाजपा 0-5 सीटें पा सकती है। वहीं अन्य के खाते में भी करीब 0 से लेकर 3 सीटें जा सकती है। हालांकि इस ओपिनियन पोल के अनुसार किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता हुआ नहीं दिख रहा है।

साथ ही इस ओपिनियन पोल में यह भी कहा जा रहा है कि कृषि कानून अगर आगामी विधानसभा चुनाव में मुद्दा बनता है तो सबसे ज्यादा फायदा आम आदमी पार्टी को हो सकता है। हालांकि चुनावी विश्लेषक यशवंत देशमुख का कहना है कि कांग्रेस ने किसान आंदोलन का समर्थन कर शेर की सवारी कर ली है। कैप्टन अमरिंदर सिंह भले ही किसानों के पक्ष में हों लेकिन इन आंदोलन का समाधान करते हुए वो दिखाई नहीं दे रहे हैं। जिसकी वजह से आप को सबसे ज्यादा फायदा पहुंच रहा है। पंजाब के ग्रामीण इलाकों के अधिकांश किसान आम आदमी पार्टी के साथ जा सकते हैं।

बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को शानदार जीत मिली थी। कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव लड़ा था और उन्हें करीब 77 सीटें मिली थी। पहली पहली बार चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी को इन चुनावों में 20 सीट मिली थी और पूर्व में सत्ता पर काबिज रही अकाली दल को सिर्फ 15 सीटों से संतोष करना पड़ा था। मोदी लहर के बावजूद पंजाब में भाजपा को सिर्फ 3 सीटें मिली थी। पंजाब के 117 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए 2022 में चुनाव होंगे।