ABP C-Voter Survey: हिमाचल और गुजरात चुनाव की तैयारियों को लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी हैं। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की निगाहें दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने के बाद अब इन दो राज्यों पर टिकी हुई हैं तो वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावार हैं।
इन्हीं सब मुद्दों और बयानबाजी के बीच एबीपी के सी-वोटर सर्वे में पूछा गया कि क्या पीएम नरेंद्र मोदी को सीधे टारगेट करना विपक्ष को नुकसान पहुंचा सकता है? इस सर्वे के सवाल के जवाब में जो बात सामने निकलकर आई हैं, वो चौंकाने वाली है। सर्वे में 57 प्रतिशत लोगों ने माना है कि मोदी को सीधा टारगेट करने से विपक्ष खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। वहीं इसके उलट 43 प्रतिशत लोग इस बात से सहमत नहीं हैं कि इससे विपक्ष को कोई नुकसान होगा।
बता दें, कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने शनिवार (22 अक्टूबर) को हिमाचल विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की है। इससे पहले कांग्रेस ने गुरुवार रात 17 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की थी। वहीं हमीरपुर सीट से कांग्रेस अभी भी प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में मतदान 12 नवंबर को होगा। जबकि मतगणना 8 दिसंबर 2022 को होगी। हिमाचल में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं। कांग्रेस ने अपने 46 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
वहीं गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर बात करें तो 14 वीं गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 18 फरवरी, 2023 को समाप्त होने वाला है। इससे पहले 182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा के चुनाव दिसंबर 2017 में हुए थे। बीजेपी ने चुनाव में जीत हासिल कर अपनी सत्ता बरकरार रखने में कामयाबी हासिल की थी और राज्य में विजय रूपानी के नेतृत्व में सरकार बनाई थी।
सूत्रों ने बताया कि गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग दो चरणों में हो सकती है। पहला चरण नवंबर के आखिरी में और दूसरा चरण 4-5 दिसंबर के आसपास हो सकता है। सूत्रों ने बताया कि गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना भी 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के साथ ही हो सकती है।