नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर विपक्ष के दलों ने प्रतिक्रिया दी है। आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने नबीन के चयन पर ‘राष्ट्रीय पर्ची प्रथा’ का तंज कसा है।
सौरभ भारद्वाज ने X पर कहा, ‘पर्ची मंत्री, पर्ची मुख्यमंत्री, पर्ची राष्ट्रीय अध्यक्ष।’
बीजेपी ने रविवार को चौंकाने वाला फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का ऐलान किया है।
कौन हैं नितिन नबीन, जिन्हें बीजेपी ने बनाया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
कांग्रेस ने क्या कहा?
कांग्रेस की ओर से भी नितिन नबीन की नियुक्ति के मामले में प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति में प्रक्रिया की कमी दिखाई दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्टी के अधिकांश कार्यकर्ताओं से परामर्श किए बिना ही नितिन नबीन की नियुक्ति कर दी गई।
गोगोई ने कहा कि इससे पता चलता है कि नितिन नबीन के पास पार्टी में पर्याप्त समर्थन नहीं था।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर लंबे वक्त से कई नेताओं के नाम चर्चा में रहे हैं। जेपी नड्डा जनवरी 2020 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे और उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है। मीडिया और राजनीति के हलकों में कहा जा रहा है कि नितिन नबीन आगे चलकर पार्टी का अध्यक्ष पद संभाल सकते हैं। जेपी नड्डा को भी पहले कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
पीएम मोदी समेत तमाम नेताओं ने दी बधाई
नितिन नबीन बिहार में बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं। वह पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा सीट से पांच बार चुनाव जीत चुके हैं। नितिन नबीन नीतीश कुमार की सरकार में पथ निर्माण विभाग के मंत्री हैं।
नितिन नबीन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम बड़े नेताओं के साथ ही बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित तमाम नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
कौन हैं नितिन नबीन, जिन्हें बीजेपी ने बनाया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
