गुजरात में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के कई पदाधिकारियों को अपने दल में मिलाकर जोरदार झटका दिया है। आम आदमी पार्टी के पांच पदाधिकारियों ने बुधवार को अहमदाबाद में अपने पचास कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गये हैं। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने इन नेताओं को पार्टी में शामिल कराया। आम आदमी पार्टी के जो पदाधिकारी कांग्रेस में शामिल हुए हैं उनमें पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष मनोज गुप्तानी, अहमदाबाद के नगर उपाध्यक्ष रमेश वोरा, अहमदाबाद के नगर महामंत्री एसके पार्घी, लोकसभा प्रभारी अजय चौबे और पार्टी के गुजरात यूनिट प्रवक्ता पराग पंचाल शामिल हैं।
2022 के विधानसभा चुनाव में AAP ने पांच सीटें जीतकर कांग्रेस को चुनौती दी थी
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने दिसंबर 2022 के विधानसभा चुनाव में खुद को कांग्रेस के लिए एक प्रमुख चुनौती के रूप में पेश किया था और पांच सीटें जीती थीं। दूसरी ओर कांग्रेस 182 सीटों वाले सदन में केवल 17 सीटें पर ही सिमट गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि AAP ने सबसे पुरानी पार्टी के वोट बैंक में जबर्दस्त सेंध लगाई और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पक्ष में वोटों को बांट दिया, जिसने 156 सीटें जीतीं, जो कि गुजरात में किसी भी पार्टी द्वारा जीती गई सबसे अधिक सीटें हैं।
कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि नेताओं के आने से मजबूत होगी पार्टी
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के करीब पचास कार्यकर्ता भी पार्टी में शामिल हुए। आम आदमी पार्टी के गुजरात यूनिट के उपाध्यक्ष वशराम सगाथिया के पचास कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस में शामिल होने के बाद यह हुआ है। गोहिल ने नेताओं को पार्टी में लेने के बाद रिपोर्टरों से कहा, “आम आदमी पार्टी के नेता और समर्थक गुजरात की जनता के हित में अपना सहयोग देने के लिए कांग्रेस में शामिल हुए हैं। हम गुजरात की जनता की समस्याओं और गुजरात सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ साथ-साथ लड़ाई लड़ेंगे।”
कांग्रेस विधायक दल के नेता और राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष अमित चावड़ा उन वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं जो समारोह में उपस्थित थे। चावड़ा ने कहा, “हमारे कई दोस्त अतीत में कांग्रेस के लिए काम करते थे और कुछ गलतफहमी के कारण आप में शामिल हो गए। उन्होंने देश और राज्य में भाजपा द्वारा बनाई गई स्थिति के कारण कांग्रेस में लौटने का फैसला किया है।”
उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार कई तरह से लोगों को डराने की कोशिश कर रही है। हम लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए मिलकर लड़ेंगे।” अब जब नेता पार्टी में शामिल हो रहे हैं तो कांग्रेस को उम्मीद है कि उसकी ताकत बढ़ेगी।
