आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की भावुक अपील के उत्साहजनक नतीजे के बाद पार्टी अब चाय पार्टी सहित तमाम अन्य गतिविधियों के जरिए भी फंड जुटाएगी। दिल्ली में केजरीवाल भी पार्टी में जाएंगे लेकिन दिल्ली के बाहर देश भर में चंदा जुटाने के अभियान की अगुआई पार्टी के नेता कुमार विश्वास करेंगे। इसके आलावा पार्टी के राज्य संयोजकों को भी क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी जाएगी। आप के पुराने दानकर्ताओं के साथ नियमित संवाद व उनके बेहतर राजनीति के सपने क ी दिशा में पार्टी की ओर से प्रयासों को बढ़ाया जाएगा।

पार्टी ने तय किया है कि दिल्ली में छोटी छोटी चाय पाटियों के जरिए लोगों से चंदा लिया जाएगा। इन चाय पार्टियों में पार्टी संयोजक केजरीवाल भी जाएंगे। पार्टी का मानना है कि केजरीवाल के होने से लोग आगे आएंगे क्योंकि लोगों को उनमें भरोसा है। चूंकि दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर उनकी व्यस्तता अधिक है इसलिए दिल्ली में व देश के बाकी हिस्से में कुमार यह काम देखेंगे। माना जा रहा है कि कार्यक्रम में लोग कुमार को सुनने आते हैं।

कुमार विश्वास को इसलिए तीन अहम कामों क ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें इसका अगुआ बनाया गया है। पहला गैरप्रवासी भारतीयों को पार्टी से जोड़ने या उनके बीच पार्टी का नेटवर्क बढ़ाने, उनसे पार्टी को चंदा या दूसरे सहयोग दिलाना। दूसरे देश भर में पार्टी के काम काज के लिए चंदा दिलाना व तीसरे प्रचार अभियान को आगे ले जाना।

कुमार विश्वास ने बताया कि पार्टी ने आप का दान नाम से एक मोबाइल ऐप तैयार किया है जिसका पार्टी पदाधिकारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस ऐप के जरिए लोग मोबाइल से भी पार्टी फंड में पैसा दे सकेंगे। क्लीन दिल्ली, क्लीन मनी नारे के साथ दानकर्ताओं के साथ नियमित बैठकों का दौर भी चलेगा। इसके अलावा पार्टी ने आने वाले दिनों में दिल्ली में पार्टी के संयोजकों को होने वाली बैठक में भी उन्हें इस बात का प्रशिक्षण दिया जाएगा कि कैसे इस ऐप के इस्तेमाल व वे दूसरे पारदर्शाी उपायों से पार्टी कोष में पैसा जुटाया जाएगा।

केजरीवाल की अपील के बाद पहले दिन पार्टी को मिला चंदा हजारों में था लेकिन दूसरे दिन पार्टी को 12 लाख रुपए से भी अधिक चंदा मिला जबकि तीसरे दिन यह आंकड़ा 15 लाख के पार चला गया। इस लिहाज से पार्टी पूरी तरह से आश्वस्त है कि अच्छे व पारदर्शी तरीके से काम के लिए लोग मदद करना चाहते हैं।

कुमार ने कहा कि जब-जब भाजपा या कांग्रेस ने हम पर निशाना साधा तब-तब हमें मिलने वाला चंदा बढ़ा। केंद्र सरकार हम पर जितना शिकंजा कस रही है उतना ही लोगों की संवेदना हमसे जुड़ रही है। कुमार ने यह भी कहा कि ट्वीट के जरिए भी लोगों को चंदे के लिए आगे आने को कहा जा रहा है। इसी तरह आॅनलाइन डोनेशन का भी तरीका इस्तेमाल हो रहा है। लंच और डिनर कार्यक्रम के लिए पार्टी दिल्ली के अलावा मुंबई, बंगलुरु, पंजाब, हरियाणा व दूसरे राज्यों में जाने वाली है। वे देश विदेश में अपने कार्यक्रम भी करेंगे।

प्रतिभा शुक्ल