06 November Highlights: कांग्रेस ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर घोषणपत्र जारी कर दिया है। जिसमें पांच गारंटी का वादा किया गया है। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार चुनाव आयोग पर दबाव डालती है और CBI, ED, IT का इस्तेमाल कर सरकार गिराती है। पिछली महाराष्ट्र की सरकार आपकी सरकार थी, लेकिन उस सरकार को मोदी जी ने चोरी कर हटा दिया। राहुल गांधी ने कहा कि देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ BJP-RSS है। दूसरी तरफ INDIA गठबंधन है। एक तरफ आंबेडकर जी का संविधान है, जिसमें एकता, समानता, मोहब्बत और सम्मान है। दूसरी तरफ BJP-RSS के लोग हैं, जो संविधान को ख़त्म करना चाहते हैं। लेकिन ये बात वो सामने से नहीं कहते हैं, क्योंकि खुलकर बोलेंगे तो पूरा देश उनके सामने खड़ा हो जाएगा।
महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में महायुति (बीजेपी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना, उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी) और MVA (कांग्रेस, शरद पवार की एनसीपी, उद्धव ठाकरे की शिवसेना) के बीच जोरदार टक्कर हो रही है। विधानसभा चुनाव में मुंबई की 36 सीटों पर जोरदार लड़ाई है। मुंबई की कुल 36 विधानसभा सीटों पर 420 से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लोकसभा चुनावों में MVA का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा था। देखना होगा कि इस बार क्या होगा?
MVA में कांग्रेस 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, शिवसेना (यूबीटी) 22 सीटों, एनसीपी शरद पवार गुट दो सीटों पर और एक सीट समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ी गई है। 2019 के चुनाव में अविभाजित शिवसेना ने 14 और कांग्रेस ने चार सीटें जीती थीं। अविभाजित एनसीपी एक सीट पर जीती थी। बीजेपी ने 2019 में मुंबई की 16 सीटें जीती थी। महायुति में शामिल बीजेपी इस बार 18 सीटों पर, 16 सीटों पर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और 2 सीटों पर अजित पवार की एनसीपी चुनाव लड़ रही है।
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, ”महाराष्ट्र की जनता समझ गई है कि जोड़-तोड़ की राजनीति हो रही है। महाराष्ट्र की जनता बीजेपी और उसके सहयोगियों द्वारा की गई लूट और भ्रष्टाचार का जवाब देगी। झारखंड में भी भाजपा बैकफुट पर है। झारखंड के मुख्यमंत्री को जबरन जेल में डाल दिया गया। लोग जानते हैं कि (केंद्र) सरकार सत्ता में रहने के लिए सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करती है।”
सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना के एक महिला उम्मीदवार के खिलाफ कथित तौर आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए विक्रोली सीट से शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार सुनील राउत के खिलाफ बीएनएस की धारा 79, 351 (2) और 356 (2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। सुनील राउत सांसद संजय राउत के भाई हैं।
शिवसेना सांसद और वर्ली विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार मिलिंद देवड़ा ने कहा, “हम दक्षिण मुंबई के मुद्दों को समझते हैं। दक्षिण मुंबई के लोगों के साथ हमारा मजबूत रिश्ता है। आज लोग चाहते हैं कि भारत आगे बढ़े। महाराष्ट्र भारत को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे। पीएम मोदी का सपना है कि भारत को 5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाया जाए। इसमें 20% योगदान महाराष्ट्र का होगा। हमें मुंबई के बुनियादी ढांचे में सुधार करना होगा। महाराष्ट्र सरकार इस दिशा में काम कर रही है।”
बांद्रा पूर्व विधानसभा सीट से शिव सेना (यूबीटी) के उम्मीदवार वरुण सरदेसाई, ”हमें लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। बांद्रा पूर्व विधानसभा सीट पर शिवसेना (यूबीटी) का दबदबा था और इस बार कांग्रेस भी साथ है। इस विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग महा विकास अघाड़ी का समर्थन करते हैं। जब नतीजे आएंगे तो आप देखेंगे कि शिवसेना (यूबीटी) सबसे मजबूत पार्टी के रूप में उभर रही है।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज रायबरेली दौरे पर रहेंगे। रायबरेली में वह कई सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।