फिट और स्वस्थ रहने के लिए एक्सरसाइज करना बेहद जरूरी है। ये बात तो अधिकतर लोग जानते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि गलत समय पर वर्कआउट करने से फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है?
बेहद कम लोग जानते हैं कि किसी भी एक्सरसाइज को करने के लिए न केवल सही टैकनीक की जरूरत होती है, यानी आपको इसे सही तरीके से करना आना चाहिए, बल्कि आप किस समय एक्सरसाइज कर रहे हैं, इस बात पर ध्यान देना भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है।
इसी कड़ी में यहां हम आपको बता रहे हैं कि किस समय वर्कआउट करने से आपको नुकसान हो सकता है और क्यों-
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
मामले को लेकर फेमस न्यूट्रिशनिस्ट दीपशिखा जैन ने अपने इंटाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, इस वीडियो में एक्सपर्ट बताती हैं, ‘किसी भी व्यक्ति को खाना खाने के तुरंत बाद और सोने से ठीक पहले किसी भी तरह का कोई वर्कआउट नहीं करना चाहिए। इन दो स्थिति में एक्सरसाइज करने से आपको कोई फायदे से ज्यादा नुकसान हो सकता है।’
क्यो खाने के तुरंत बाद नहीं करना चाहिए वर्कआउट?
इस सवाल को लेकर दीपशिखा जैन बताती हैं, जब आप भरपेट खाना खाते हैं और इसके तुरंत बाद किसी भी तरह की एक्सरसाइज करते हैं, तो इससे आपके पाचन पर बेहद खराब असर पड़ता है और खासकर आपको गैस एसिडिटी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
दीपशिखा जैन से अलग कई अन्य रिपोर्ट्स के नतीजे भी बताते हैं कि जब आप खाना खाते हैं, तो शरीर को पाचन के लिए एनर्जी की जरूरत होती है। वहीं, अगर आप तुरंत वर्कआउट करते हैं, तो शरीर का ध्यान पाचन से हटकर मसल्स को एनर्जी देने में लग जाता, जिससे पाचन प्रक्रिया धीमी हो सकती है और आपको गैस, एसिडिटी, ब्लोटिंग या उलटी मतली जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
क्यों सोने से पहले नहीं करना चाहिए वर्कआउट?
पोषण विशेषज्ञ के मुताबिक, सोने से पहले या रात में एक्सरसाइज करने से आपकी ब्रेन सेल्स एक्टिव हो जाती हैं, जिससे फिर आपको नींद नहीं आती है या सोने में कठिनाई होने लगती है। ऐसे में अगले दिन आप खुद को थका हुआ और कमजोर महसूस करते हैं, साथ ही इसका असर आपके काम पर भी नजर आता है। ऐसे में सोने से ठीक पहले वर्कआउट करने से बचें। इससे अलग आप सुबह में या दोपहर में लंच से पहले वर्कआउट कर सकते हैं।
उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- क्या कपूर बालों का झड़ना रोक सकता है? जानें और फिर करें इसका सही इस्तेमाल