West Bengal CM Mamata Banerjee Fitness Secrets: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी 66 साल की उम्र में भी बेहद फिट दिखती हैं। अधिकतर लोग उनकी फिटनेस का राज जानना चाहते हैं। कई इंटरव्यू में उन्होंने अपनी दिनचर्या के बारे में बताया है। 5 जनवरी 1955 को कोलकाता के एक बेहद सामान्य परिवार में जन्मीं ममता बनर्जी पिछले दस सालों से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं। इसके अलावा, उन्हें केंद्र सरकार में कोयला, मानव संसाधन एवं विकास, रेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बता दें कि इतना व्यस्त होने के बावजूद भी वो शारीरिक गतिविधियों को पूरा समय देते हैं। आइए जानते हैं कैसी है उनकी दिनचर्या –

कैसे रहती हैं फिट: एक इंटव्यू में ममता बनर्जी बताती हैं कि चाहे चुनाव, कैंपेनिंग, धूप या कोई भी दूसरे जरूरी कार्य हों, पर इससे उनका दैनिक रूटीन प्रभावित नहीं होता है। वो कहती हैं कि कुछ भी क्यों नो हो जाए, वो दिन भर में 20 किलोमीटर जरूर चलती हैं। उनके मुताबिक टहलना न केवल शारीरिक रूप से व्यक्ति को स्वस्थ रखता है बल्कि ये ब्रेन को हेल्दी रखने में भी कारगर है। ममता बनर्जी जोर देकर कहती हैं कि अगर आप अपने दिमाग का ख्याल नहीं रखेंगे तो ये आपको क्रिएटिविटी प्रदान नहीं करेगा।

उनका मानना है कि चलने से वो दिन भर खुश रहती हैं, जबकि जिस दिन वो नहीं चलती हैं उन्हें चिड़चिड़ाहट व उदासी महसूस होती है। उन्होंने बताया कि 2006 में 26 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहने के बाद से ही उन्होंने लगातार चलना शुरू किया था।

एक बार खाती हैं खाना: आमतौर पर लोग स्वस्थ रहने के लिए दिन भर में कम से कम 3 बार खाना खाते हैं। लेकिन इंटरव्यू में बंगाल की मुख्यमंत्री कहती हैं कि वो केवल रात में एक बार भोजन करती हैं। हालांकि, उन्होंने बताया कि चाय वो दिन भर में 3 से 4 बार पी लेती हैं।

ट्रेडमिल पर चलते हुए करती हैं कई काम: खबरों के मुताबिक ममता बनर्जी खुद को फिट रखने के लिए ट्रेडमिल पर दौड़ भी लगाती हैं। यही नहीं, यहीं पर दौड़ते-दौड़ते ममता अखबार पढ़ने से लेकर फोन कॉल्स तक निपटा लेती हैं।