वेट लॉस करना अक्सर लोगों के लिए एक चुनौती बन जाता है। मोटापा जितनी तेजी से बढ़ता है, उतना ही मुश्किल होता है इसे कम करना। उसपर, भागदौड़ भरी जिंदगी और बाहर का अनहेल्दी खाना वेट लॉस के प्लान पर पूरी तरह पानी फेर देता है। ऐसे में कई लोग खाना स्किप करना शुरू कर देते हैं। हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स तेजी से वजन कम करने के लिए खाना स्किप नहीं, बल्कि डाइट में कुछ खास चीजों को शामिल करने की सलाह देते हैं। इस आर्टिकल में हम आपको एक ऐसी ही खास चीज के बारे में बताने जा रहे हैं। इस स्पेशल चीज को सही तरीके से डाइट में शामिल कर ना केवल आप तेजी से थुलथुले पेट से छुटकारा पा सकते हैं, बल्कि ये सेहत को और भी कई फायदे पहुंचाता है। आइए जानते हैं इसके बारे में-

मोटे पेट को महीनेभर में अंदर कर सकती है ये खास चीज

बता दें कि हम यहां फॉक्स नट्स यानी मखाना की बात कर रहे हैं। बेहद कम लोग जानते होंगे कि सदियों से स्नैक फूड के रूप में खाया जाने वाला मखाना आपकी सेहत को अनगिनत तरीकों से फायदा पहुंचाता है। साथ ही इसकी मदद से तेजी से वजन भी कम किया जा सकता है।

दरअसल, मखाना में भरपूर मात्रा में प्रोटीन और फाइबर पाया जाता है, जो वेट लॉस जर्नी में कमाल का असर दिखाते हैं। एक ओर जहां इसमें मौजूद प्रोटीन फूड क्रेविंग को कम करने में मदद करता है, तो वहीं दूसरी ओर फाइबर आपको जल्दी भूख नहीं लगने देता है। आपको बता दें कि फाइबर रिच फूड को पचने में अधिक समय लगता है, ऐसे में नाश्ते में मखाना खाने से आपको लंबे समय तक भूख नहीं लगती है और इस तरह ये मोटापे से लड़ने में आपकी मदद करता है।

कैसे करें सेवन?

  • अगर आप वजन कम करने के लिए मखाना का सेवन कर रहे हैं, तो ध्यान रहे कि आप इसे बिना डीप फ्राई किए सीधा ही खाएं। हालांकि, थोड़ा क्रिस्पी बनाने के लिए आप मखाना को ड्राई रोस्ट कर सकते हैं।
  • इसके अलावा आप मखाना से एक हेल्दी ब्रेकफास्ट भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक पैन को गर्म कर उसमें करीब डेढ़ चम्मच घी डाल लें। घी गर्म होने के बाद इसमें जीरा डालकर उसे भून लें। इसके बाद पैन में 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालें, 2-3 तीन फ्रैश करी पत्ता डालें, आधा मुट्ठी मुंगफली के दाने डालें और सभी चीजों को समय-समय पर चलाते रहें। थोड़ा भुन जाने के बाद पैन में आधा मुट्ठी चने की दाल, बारीक कटा हुआ गोला (ड्राई नारियल) और कुछ काजू भी डाल दें। सभी चीजें अच्छे से फ्राई हो जाने के बाद इसमें एक कटोरी मखाना मिला लें। मखाना क्रिस्पी होने के बाद आंच बंद कर लें और इस तरह आपका स्वाद में लाजवाब मखाना चिवड़ा बनकर तैयार हो जाएगा। इसे आप नाश्ते या स्नैक के तौर पर खा सकते हैं। मखाना चिवड़ा तेजी से वसा को कम करने में आपकी मदद करेगा।

और भी हैं कई फायदे

वेस लॉस से अलग मखाना खाने के सेहत पर फायदों की लिस्ट लंबी है। जैसे-

  • मखाना खाने से कब्ज की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके नियमित तौर पर सेवन से पेट आसानी से साफ हो जाता है।
  • इस छोटे से ड्राई फ्रूट में मैग्नीशियम और पोटेशियम की भी अच्छी मात्रा होती है, ऐसे में ये हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में भी मददगार साबित हो सकता है।
  • मखानों में कैल्शियम प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जिसके चलते यह हड्डियों और दांतों के लिए भी बेहद अच्छा है।
  • इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बेहद कम होता है, ऐसे में कई हेल्थ एक्सपर्ट्स और न्यूट्रीशनिस्ट डाइबिटीज के मरीजों को भी मखाना खाने की सलाह देते हैं।
  • इन सब के अलावा मखाने को दूध में मिलाकर पीने से एनीमिया की समस्या दूर की जा सकती है। ऐसे में जिनकी बॉडी में खून की कमी की दिक्कत रहती है, उन्हें दूध में मखाना मिलाकर जरूर खाना चाहिए।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।