Umesh Yadav: उमेश यादव को 2021 के आईपीएल में दिल्ली कैपिटल की ओर से खेलने का मौका मिला है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इस टीम ने यादव को 1 करोड़ में खरीदा है। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें उनके बेस प्राइस पर ही खरीदा है। आज करोड़ों में खेलने वाले उमेश कभी दो वक्त की रोटी के तरसा करते थे। उनके पिता कोयले की खदान में मजदूरी करते थे, जिनकी कमाई से उनका घर मुश्किल से चलता था। पैसों के अभाव में डायबिटीज की मरीज उमेश की मां का इलाज ठीक से नहीं हो पाया और बाद में उनका निधन हो गया।

सरकारी नौकरी में चाहते थे जाना: 33 वर्षीय भारतीय टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव यूपी के देवरिया क्षेत्र के निवासी हैं। हालांकि, वे नागपुर में पले बढ़े हैं। उनका पूरा नाम उमेश कुमार तिलक यादव है। उनकी शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से पूरी हुई है। परिवार की कमजोर आर्थिक पक्ष से वो भली-भांति परिचित थे, इसलिए सरकारी नौकरी करने की चाह में सेना में शामिल होना चाहते थे। लेकिन वहां इनका सेलेक्शन नहीं हो पाया, मगर उन्होंने हार नहीं मानी। उसके बाद उमेश पुलिस कांस्टेबल की नौकरी की तैयारी में जुट गए। हालांकि, यहां भी वो 2 नंबर से चूक गए।

क्रिकेट में इस तरह हुई शुरुआत: उमेश को हर जगह निराशा ही हाथ लग रही थी, पर जो फिर भी साथ था, वो था क्रिकेट। पढ़ाई और ज़िन्दगी के संघर्ष के बीच वो क्रिकेट खेलते रहते थे। 19 साल की उम्र से क्रिकेट खेलने वाले उमेश विदर्भ की टीम से टेस्ट क्रिकेट में जगह बनाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। घरेलू क्रिकेट में तहलका मचाने के बाद उन्होंने IPL में एंट्री ली। साल 2010 से वो आईपीएल में खेल रहे हैं।

रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी: 2015 के आईसीसी विश्व कप में इन्होंने सर्वाधिक 18 विकेट लिया। इसके साथ ही, उन्होंने सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी बनाया। इतना ही नहीं, उमेश ने श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही क्रिकेट मैच में सबसे तेज़ 155.5 किमी/घंटा की गति से गेंदबाज़ी भी की है। इसके अलावा भी कई अन्य रिकॉर्ड्स उमेश यादव के नाम हैं।

एक बेटी के पिता हैं उमेश: 2010 में आईपीएल खेलने के दौरान ही उमेश की मुलाकात तान्या वाधवा से हुई और मई 2013 में दोनों ने शादी कर ली। उस दौरान तान्या फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही थीं। दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिये हुई थी। पहले अच्छी दोस्ती हुई जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इसी साल 1 जनवरी को तान्या ने नन्हीं परी को जन्म दिया है, जिसी सूचना उमेश ने अपने ट्विटर हैंडल से बेटी की तस्वीर साझा करते हुए दी।