Weight Loss Tips: जो लोग वजन घटाने की चाहत रखते हैं उन्हें फूड क्रेविंग्स पर कंट्रोल करना बहुत जरूरी है। साथ ही, कैलोरी काउंट करना भी बेहद जरूरी होता है। लोग वेट लॉस की प्रक्रिया का पालन करने के दौरान एक्सरसाइज और स्ट्रिक्ट डाइट फॉलो करते हैं। हालांकि, कई बार मीठा खाने की क्रेविंग दिमाग पर हावी हो जाती है। ऐसे में एक्सपर्ट्स बताते हैं कि फलों का सेवन फायदेमंद हो सकता है।

फल कई पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं जो स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं। इनमें कैलोरीज और नेचुरल शुगर की मात्रा कम होती है, ऐसे में वेट लॉस फूड्स में फलों को भी शामिल किया जाता है। आइए जानते हैं उन 7 फलों के बारे में जो वजन घटाने में सहायक होते हैं।

सेब: इस फल में कैलोरी की मात्रा कम और फाइबर उच्च मात्रा में पाया जाता है। ऐसे में ये फल वजन घटाने में सहायक होता है।

कीवी: कीवी को पोषक तत्वों का खदान माना जाता है, इसमें फाइबर, विटामिन-सी, ई, एंटी-ऑक्सीडेंट्स और दूसरे जरूरी तत्व पाए जाते हैं। ये सभी एलिमेंट्स फैट बर्न करने में मदद करते हैं जिससे अतिरिक्त वजन कम होता है।

पीयर: इस फल में विटामिन-सी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो फाइबर से भरपूर होता है। इसे खाने से लोगों का पेट लंबे समय तक भरा रहता है। साथ ही, पीयर खाने से कोलेस्ट्रॉल लेवल भी संतुलित रहता है। इससे वजन घटाने में मदद मिलती है।

संतरा: खट्टा-मीठा फल संतरा कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है, साथ ही कैलोरीज की मात्रा भी इसमें कम होती है। विटामिन-सी युक्त ये फल शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को निकालने में मदद करता है।

तरबूज: तरबूज शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है। इस फल में करीब 95 फीसदी पानी होता है जो शरीर को लंबे समय तक संतुष्ट रखता है। ऐसे में वेट लॉस डाइट में तरबूज को भी शामिल करना चाहिए।

टमाटर: इसे खाने से शरीर में कार्निटाइन का उत्पादन ज्यादा होने लगता है। बता दें कि ये केमिकल मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है जिससे आसानी से वजन कम हो सकता है।

अमरूद: अमरूद में प्रचुर मात्रा में डाइटरी फाइबर पाया जाता है जो लोगों को लंबे समय तक भूख महसूस नहीं होने देता है। साथ ही, इस फल का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है जिस वजह से ब्लडस्ट्रीम में जल्दी शुगर रिलीज नहीं होता है। इससे इंसुलिन एक्टिविटी बेहतर होने के साथ ही वजन घटाने में भी मदद मिलती है।