हेल्थ के साथ-साथ स्किन का भी ध्यान रखने की जरूरत होती है। स्किन को लेकर कोई भी लापरवाही नुकसानदायक साबित हो सकता है। काले धब्बे, डार्क सर्कल, मुंहासे और पिंपल्स जैसी समस्या होने पर स्किन का ग्लो भी खत्म होने लगता है। ऐसे में अगर आप रोजाना सुबह उठते के साथ स्किन केयर रुटीन को फॉलो करेंगे तो ना सिर्फ चेहरे के दाग-धब्बे और मुंहासों की समस्या दूर होगी, बल्कि स्किन में निखार भी आएगा। इसके अलावा रोजाना सुबह स्किन का ध्यान रखने से दिनभर ताजगी भी महसूस होगी। आइए जानते हैं सुबह कौन से रुटीन को फॉलो करना फायदेमंद साबित हो सकता है-

ठंडे पानी से चेहरा धोना: रोज सुबह उठने के बाद चेहरे को ठंडे पानी से धोएं। ऐसा करने से चेहरे पर मौजूद एक्सट्रा ऑयल खत्म हो जाता है और चेहरे को ताजगी मिलती है। इतना ही नहीं ऐसा करने से चेहरे की गंदगी भी साफ होती है। लेकिन हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि चेहरे पर साबुन का इस्तेमाल ना करें।

मुल्तानी मिट्टी लगाएं: मुल्तानी मिट्टी लगाना चेहरे के लिए फायदेमंद होता है। सुबह उठने के बाद आप चेहरे पर मुल्तानी मिट्टी लगा सकते हैं। ऐसा करना आपके चेहरे के रुखेपन को कम करता है, साथ ही चेहरे पर निखार भी आता है। इसके अलावा मुल्तानी मिट्टी में गुलाब जल या दही लगाने से चेहरे के दाग-धब्बे और मुंहासे भी कम होते हैं।

गुनगुना पानी पिएं: हल्का गुनगुना पानी ना सिर्फ स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है, बल्कि स्किन के लिए भी फायदेमंद होता है। इसलिए रोजाना सुबह उठते ही हल्का गुनगुना पानी जरूर पिएं। यह स्किन को डिटॉक्स करने में मदद करता है और स्किन में ब्लड फ्लो को भी बेहतर करता है।

ग्लिसरीन लगाएं: स्किन के लिए ग्लिसरीन का इस्तेमाल काफी फायदेमंद होता है। यह स्किन में निखार लाता है और चेहरे को हाइड्रेटेड भी रखता है। ग्लिसरीन में थोड़ा सा गुलाब जल और कुछ नींबू का रस मिलाएं और इसे चेहरे पर लगाएं। यह स्किन के लिए लाभकारी साबित होगा।

गुलाब जल: सुबह उठने के बाद चेहरे को गुलाब जल से साफ जरूर करें। ऐसा करने से चेहरा फ्रेश रहता है। इसके अलावा गुलाब जल से चेहरे को साफ करने से मुहासों और पिंपल्स की समस्या भी दूर होती है। साथ ही चेहरे पर निखार भी आता है।