Raghuraj Singh Shakya Personal Life and Property Details: उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट (Mainpuri Loksabha Seat) पर उप-चुनाव होने जा रहा है। मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने यहां से अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव (Akhilesh Yadav Wife Dimple Yadav) को अपना उम्मीदवार बनाया है। उधर, भारतीय जनता पार्टी ने रघुराज सिंह शाक्य (Raghuraj Singh Shakya) को अपना उम्मीदवार बनाया है।

कौन हैं रघुराज सिंह शाक्य? ( Who is Raghuraj Singh Shakya)

एक जुलाई 1968 को इटावा के धौलपुर खेरा गांव में जन्में रघुराज सिंह शाक्य (Raghuraj Singh Shakya) समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। शाक्य, खुद को मुलायम सिंह यादव का शिष्य बताते हैं। आगरा यूनिवर्सिटी से पढ़े शाक्य ने कॉलेज के दिनों में छात्रसंघ राजनीति के जरिये सियासत में कदम रखा था। रघुराज शाक्य युवा अधिकार जागरण मंच जैसे संगठनों से भी जुड़े रहे हैं।

क्लर्क की नौकरी छोड़ राजनीति में आए थे

रघुराज शाक्य को कॉलेज के बाद इटावा नगरपालिका में ही क्लर्क की नौकरी मिल गई, लेकिन उनका मन सियासत में ही रमता था। साल 1992 में जब मुलायम ने समाजवादी पार्टी की नींव डाली तो शाक्य उनके साथ हो लिये। रघुराज शाक्य, समाजवादी पार्टी के टिकट पर तीन बार चुनाव भी लड़ चुके हैं और दो बार जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं।

शिवपाल के करीबी माने जाते हैं रघुराज शाक्य

बाद में जब शिवपाल सिंह यादव, सपा से अलग हुए तो शाक्य उनके साथ हो गए और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर ली। हालांकि यहां भी उनका मन नहीं लगा। इसी साल फरवरी में उन्होंने बीजेपी का दामन थामा था।

रघुराज शाक्य से ज्यादा पढ़ी लिखी हैं उनकी पत्नी

मैनपुरी उप-चुनाव (Mainpuri By-Election) में नामांकन के दौरान रघुराज सिंह शाक्य ने जो हलफनामा दिया है, उसमें अपनी पढ़ाई लिखाई से लेकर प्रॉपर्टी और हथियारों का ब्योरा दिया है। शाक्य ने बताया है कि उन्होंने एमए तक की पढ़ाई की है। जबकि उनकी पत्नी डॉ. सीमा सिंह, ने एमए और पीएचडी की डिग्री हासिल की है। आपको बता दें कि रघुराज के दो बेटे- पीयूष राज शाक्य और आयुष राज शाक्य हैं।

कितनी संपत्ति के मालिक हैं रघुराज सिंह शाक्य (Raghuraj Singh Shakya Property) ?

चुनाव आयोग (Election Commission) को दिए ताजा हलफनामे के अनुसार, रघुराज सिंह शाक्य (Raghuraj Singh Shakya) ने बताया है कि उनके पास करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। इसमें से 12,702,750 की चल संपत्ति और 81, 300,000 की अचल संपत्ति है।

शाक्य ने बताया है कि उनके पास टाटा सफारी कार (Tata Safari Car) है। जबकि उनकी पत्नी सीमा के नामपर एक टाटा सफारी और एक फॉर्च्यूनर है।

गहनों के शौकीन हैं रघुराज सिंह और उनकी पत्नी

रघुराज सिंह शाक्य और उनकी पत्नी गहनों के शौकीन भी हैं। दोनों के पास 750 ग्राम ज्वेलरी है। इसमें 250 ग्राम सोने की ज्वेलरी शाक्य के पास और 500 ग्राम की पत्नी के पास है। जिसमें चैन, अंगूठी वगैरह शामिल है।

हथियारों के शौकीन भी हैं शाक्य

मैनपुरी उप-चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य हथियारों के भी शौकीन हैं। शाक्य ने बताया है कि उनके पास एक रिवाल्वर और एक रायफल है। जबकि पत्नी डॉ. सीमा के नाम पर भी एक राइफल है। यानी परिवार के पास कुल 3 असहले हैं।

परिवार पर करीब 23 लाख रुपये का कर्ज भी है

रघुराज सिंह शाक्य ने बताया है कि उनके परिवार पर करीब 23 लाख रुपये का कर्ज भी है। 490,000 का कर्ज खुद उनपर है। जबकि पत्नी सीमा पर 1,787,966 की देनदारी है।

बात अगर मैनपुरी सीट की करें तो 1992 में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) बनाने के बाद मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट (Mulayam Singh Yadav Mainpuri Lok sabha Seat) से ही चुनाव लड़ा था और इस पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद से ही यह सीट समाजवादी पार्टी के खाते में ही रही। आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी का किला ध्वस्त करने के बाद बीजेपी के हौसले बुलंद हैं तो सपा के पास अपनी इस पारंपरिक सीट को बचाने की चुनौती है।