सुबह सोकर उठने पर आंखों के नीचे हल्की सूजन होना एक आम समस्या है। हालांकि, कई बार ये सूजन बहुत अधिक बढ़ जाती है, जिससे चेहरा डल, थका हुआ और बेजान नजर आने लगता है। खासकर उम्र बढ़ने के साथ ये परेशानी ज्यादा बढ़ने लगती है। उम्र के साथ-साथ आंखों के आसपास के टिशू प्रभावित होने लगते हैं और कमजोर हो जाते हैं। इसके चलते बैगी और सूजी हुई आंखें आपके चेहरे की खूबसूरती में दाग का कारण बनने लगती हैं। ऐसे में अगर आप भी इस तरह की समस्या से परेशान हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको पफी आईज से छुटकारा पाने के कुछ आसान लेकिन असरदार तरीकों के बारे में बता रहे हैं।
पफी आईज को ठीक करने के लिए अपनाएं ये ट्रिक्स
बर्फ से सिकाई
सुबह उठने के बाद अगर आंखों के नीचे सूजन ज्यादा है, तो ऐसे में आप बर्फ से उस हिस्से की सिकाई कर सकते हैं। बर्फ से सिकाई करने पर ब्लड वेसेल्स सिकुड़ जाती हैं, जिसे पफीनेस कम हो सकती है। हालांकि, ऐसा करते हुए अगर आपको हल्की जलन का एहसास होता है, तो आंखों के नीचे सीधे बर्फ न लगाकर इसे किसी साफ कपड़े में बांध लें और फिर इससे सिकाई करें।
ग्रीन टी
ग्रीन टी में सूजन रोधी गुण होते हैं, जो आंखों के नीचे सूजन को कम कर सकते हैं। इसके अलावा ग्रीन टी में एपिगैलोकैटेचिन गैलेट (ईजीसीजी) नामक एक यौगिक होता है, जिसमें शक्तिशाली एंटी-एजिंग प्रभाव होते हैं। ये प्रभाव उम्र के साथ आंखों के नीचे बढ़ने वाली पफीनेस को कम करने में असर दिखा सकता है। इसके लिए ग्रीन टी बनाने के बाद इसे कुछ देर ठंडा होने के लिए छोड़ दें। जब ये हल्की गर्म रह जाए, तब इसमें दो कॉटन पैड को भिगोएं और बाहर निकालकर धीरे से निचोड़ लें। अब, इन कॉटन पेड को आंखों पर रखकर 10-15 मिनट तक आराम करें। तय समय बाद कॉटन पेड हटाकर हल्के हाथों से आंखों के आसपास मसाज करें। आप सुबह के समय से अलग दिन में भी 2 से 3 बार इस तरीके को अपना सकते हैं।
खीरा
खीरे में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट गुण और इसका ठंडा प्रभाव भी आंखों के नीचे सूजन को कम करने में मददगार हो सकते हैं। ऐसे में ताजे खीरे को टुकड़ों में काटकर आंखों पर रखें और 10-15 मिनट आराम करें। इससे अलग आप इस्तेमाल से पहले खीरे को कुछ देर फ्रिज में भी रख सकते हैं।
आलू
खीरे की तरह ही आप आलू को गोल टुकड़ों में काटकर आंखों पर रख सकते हैं। आलू में भी एंटी-इंफ्लामेटरी गुण पाए जाते हैं, जो पफी आईज से छुटकारा दिलाने में मददगार हो सकते हैं।
इन कारणों को भी न करें नजरअंदाज
- बता दें कि नींद पूरी न होने पर भी आंखों के नीचे सूजन की परेशानी बढ़ने लगती है। ऐसे में रोज कम से कम 7 से 8 घंटे की भरपूर नींद लें।
- वॉटर रिटेंशन के चलते आंखों के नीचे सूजन बढ़ जाती है। ऐसे में लगातार ये परेशानी बने रहने पर हेल्थ एक्सपर्ट्स से सलाह लें।
- जरूरत से अधिक नमक का सेवन आंखों के नीचे सूजन की परेशानी को बढ़ा सकता है। ऐसे में लो सोडियम डाइट लें।
- इन सब से अलग सोने से पहले ज्यादा मात्रा में लिक्विड या फ्लूड लेने से भी बचें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।