Running during Pregnancy: गर्भावस्था के दौरान आराम के साथ ही व्यायाम या कसरत करना भी जरूरी है। हालांकि यह सब करने से पहले गर्भवती महिलाओं को अपने चिकित्सक से सलाह अवश्य लेनी चाहिए। बहुत सी महिलायें गर्भावस्था के दौरान कसरत करने से भी घबराती हैं, लेकिन आपको बता दें कि एक्सरसाइज से मांसपेशियां लचीली बनी रहती हैं।

गर्भावस्था के दौरान दौड़ना यानी रनिंग करना भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है, चूंकि दौड़ने से पेल्विक एरिया और पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। लेकिन गर्भावस्था के दौरान दौड़ने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श अवश्य कर लेना चाहिए। आइए जानते हैं कि गर्भावस्था में दौड़ना कितना फायदेमंद और नुकसानदेह हो सकता है।

दौड़ने का शौक है तो दौड़े: कुछ महिलाओं को प्रतिदिन रनिंग, जॉगिंग करने की आदत होती है, यदि आपको भी ऐसी आदत है तो आपको भी दौड़ना चाहिए लेकिन कोशिश करें की तेज ना दौड़े। हालांकि, गर्भवास्था के तीसरे महीने अधिक तेज से दौड़ना मुश्किल हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान रनिंग करने से पेट में पल रहे शिशु के लिए भी लाभदायक हो सकता है।

प्रेग्नेंसी में दौड़ने के फायदे: गर्भावस्था के दौरान रनिंग करने से वजन कंट्रोल में रह सकता है। इसके साथ ही दौड़ने से मांसपेशियां लचीली बनी रहती हैं। साथ ही डिलीवरी के दौरान दर्द थोड़ा कम हो सकता है। कई बात गर्भावस्था के दौरान किन्ही कारणों से सी-सेक्शन के जरिए डिलीवरी कराने की नौबत आ जाती है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक एक्सरसाइज करने से या कम गति से दौड़ने से इन समस्याओं से बची रह सकती हैं। वहीं गर्भावस्था के शुरुआती महीनों से प्रतिदिन योग, एक्सरसाइज करने से उच्च रक्तचाप, डायबिटीज जैसी समस्याओं से भी बची रह सकती हैं।

कब दौड़ना हो सकता है नुकसानदायक: गर्भवती महिलाओं को अपने व्यायाम या कसरत को लेकर पहले अपने चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए। यदि गर्भावस्था के दौरान किसी प्रकार की कोई समस्या है तो फिर बिना विशेषज्ञ के सलाह के रनिंग, जॉगिंग या फिर कोई भी एक्सरसाइज, योग करने की कोशिश ना करें। इसके अलावा गर्भ के दौरान ब्लीडिंग हो, यूटरस नीचे हो, प्रीएक्लेम्प्सिया, हार्ट डिजीज, शरीर में खून की कमी हो, तो इस अवस्था में दौड़ना आपके लिए हानिकारक हो सकता है। इसके साथ ही प्रीमैच्योर डिलीवरी का खतरा भी बढ़ जाता है।

दौड़ते वक्त इन बातों का रखें ध्यान: गर्भावस्था में दौड़ने के दौरान पानी का अधिक सेवन करना चाहिए। बड़े और ढीले कपड़े ना पहनें। पेट के सपोर्ट के लिए कोई बेल्ट लगाएं। साथ ही स्पोर्ट्स ब्रा पहनने चाहिए, जो ना तो बहुत टाइट हो और ना ही बहुत ढीली हो। उल्टी और थकान की शिकायत है तो जबरदस्ती रनिंग के लिए ना जाएं।