आज के समय तेजी से बदलते लाइफस्टाइल और भागदौड़ भरी जिंदगी में खुद का ख्याल रखना काफी मुश्किल होता जा रहा है। ऑफिस वर्क और तनाव के बीच लोग अपने लिए कम ही समय निकाल पाते हैं, जिसका असर शरीर और मन दोनों पर पड़ने लगता है। हालांकि, अगर आप सुबह कुछ समय निकाल लें, तो दिनभर एनर्जेटिक और हेल्दी महसूस कर सकते हैं।
दरअसल, हेल्दी और फिट रहने के लिए लोग तरह-तरह की चीजों को फॉलो कर सकते हैं। ऐसे में आप अपने दिन की शुरुआत योग और मेडिटेशन से कर सकते हैं। इस लेख में हम आपको तीन आसान योगासन के बारे में बताएंगे, जिनसे आप अपने दिन की शुरुआत कर सकते हैं।
चाइल्ड पोज- Child Pose
चाइल्ड पोज, जिसे बालासन भी कहते हैं। इस मुद्रा में शरीर बच्चों की मुद्रा जैसा हो जाता है। इस पोज को करने के लिए सबसे पहले घुटनों के बल बैठें और सिर को जमीन से लगाएं। इसके बाद हाथों को आगे की ओर फैलाएं। इस मुद्रा को करने से पीठ, कमर और कंधों को आराम मिलता है तथा तनाव कम होता है।
कैट-काऊ पोज: Cat-Cow Pose
कैट-काऊ पोज करने से रीढ़ की हड्डी लचीली और मजबूत बनती है। यह पोज कैट पोज और काऊ पोज का मिश्रण है। इस पोज को करने के लिए सबसे पहले अपने घुटनों और हाथों के बल मैट पर आ जाएं। अब काऊ पोज में सांस लेते हुए पीठ को नीचे की ओर झुकाएँ। फिर सांस छोड़ते हुए पीठ को गोल करें। इस अभ्यास से रीढ़ की हड्डी लचीली होती है और पाचन तंत्र बेहतर बनता है।
अधोमुख श्वानासन: Downward Dog Pose
अधोमुख श्वानासन, जिसे डाउनवर्ड फेसिंग डॉग पोज भी कहा जाता है। इसको करने से पीठ, कंधे और पैर मजबूत होते हैं और तनाव भी कम होता है। इस पोज को करने के लिए सबसे पहले हाथों और पैरों के बल आकर शरीर को उल्टे ‘V’ जैसा बनाएं। अब हाथ और पैरों को सीधा रखें और दोनों एड़ियों को जमीन की ओर दबाएं। इसमें सिर को झुकाएं और गर्दन को आराम दें। इस मुद्रा को कुछ समय तक बनाए रखने के बाद सामान्य स्थिति में लौट आएं।