‘वेट लॉस’ आज के समय में ज्यादातर लोगों की जुबान पर ये शब्द अटका हुआ है। अनहेल्दी डाइट और खराब लाइफस्टाइल के चलते अधिकतर लोग बढ़ते वजन से परेशान हैं। वहीं, मोटापा न केवल शर्मिंदगी का कारण बनता है, बल्कि समय के साथ आपकी सेहत पर भी इसका बेहद खराब असर नजर आने लगता है। ऐसे में एक्सपर्ट्स समय रहते वजन को कंट्रोल करने की सलाह देते हैं।
अब, जैसा कि ऊपर जिक्र किया गया है, बढ़ते वजन के पीछे अनहेल्दी डाइट और खराब लाइफस्टाइल दो अहम कारण हैं। ऐसे में वेट लॉस के लिए इन कारणों में सुधार करना जरूरी है। आप शारीरिक गतिविधि बढ़ाकर, 8 से 9 घंटे की भरपूर नींद लेकर अपनी लाइफस्टाइल में सुधार कर सकते हैं। इसके अलावा डाइट में कुछ खास चीजों को शामिल कर भी बढ़ते वजन पर काबू पा सकते हैं।
इन्हीं खास चीजों में से एक हैं, मूंगफली और मखाना। खासकर सर्दी के मौसम में इन्हें डाइट का हिस्सा बनाकर आपको वेट लॉस के साथ-साथ और भी कई फायदे मिल सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर भी अक्सर लोगों के मन में सवाल होता है कि मोटापा कम करने के लिए मखाना खाना ज्यादा फायदेमंद है या मूंगफली? या क्या खाकर जल्दी वेट लॉस में मदद मिल सकती है? आइए जानते हैं इस सवाल का जवाब-
मूंगफली
सबसे पहले बात मूंगफली की करें, तो इसमें हेल्दी फैट, प्रोटीन और फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो वेट लॉस में मदद करते हैं। प्रोटीन से भरपूर चीजें खाने से संतुष्टि की भावना बढ़ती है और फूड क्रेविंग कम होती है, जिससे आपका वजन संतुलित बना रहता है। जबकि फाइबर का सेवन आपको लंबे समय तक पेट भरे होने का एहसास दिलाता है यानी आपको जल्दी-जल्दी भूख नहीं लगती है और आप ओवरईटिंग करने से बच जाते हैं। इस तरह भी आपको वजन कम करने में मदद मिलती है।
100 ग्राम मूंगफली में लगभग 25.8 ग्राम प्रोटीन और 8.5 ग्राम फाइबर मौजूद होता है।
मखाना
वहीं, बात मखाने की करें, तो इसमें भी फाइबर और प्रोटीन की अच्छी मात्रा पाई जाती है। 100 ग्राम मखाने में लगभग 9.7 से 10.71 ग्राम प्रोटीन होता है।
फिर वेट लॉस के लिए क्या खाना है ज्यादा बेहतर?
जैसा कि ऊपर जिक्र किया गया है, मूंगफली में मखाने के मुकाबले प्रोटीन अधिक होता है। हालांकि, इसमें कैलोरी भी अधिक पाई जाती है। 100 ग्राम मूंगफली में 567 कैलोरी होती है, जबकि 100 ग्राम मखाने में 347 से 356 कैलोरी होती है। ऐसे में वेट लॉस के लिए मूंगफली के मुकाबले मखाना खाना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। आप मूंगफली को भी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं लेकिन इसके लिए आपको अपने कैलोरी काउंट पर अधिक ध्यान देने की जरूरत हो सकती है। एक संतुलित मात्रा में मूंगफली का सेवन कर आप वजन को कंट्रोल कर सकते हैं।
उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Morning Mantra: मॉर्निंग वॉक में दौड़ने या चलने, किससे जल्दी घटता है मोटापा?
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।