डोसा वैसे तो साउथ इंडियन डिश है। हालांकि, भारत के हर हिस्से के लोग नाश्ते में डोसा खाना पसंद करते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो यहां हम आपको आज एक अलग तरह का डोसा बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं।
आज के नाश्ते में आप बन डोसा बनाकर खा सकते हैं। इसका न केवल स्वाद बेहद कमाल का होने वाला है, बल्कि ये जल्दी बनकर तैयार भी हो जाता है। शेफ कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो के जरिए इंस्टेंट बन डोसा की आसान रेसिपी शेयर की है। आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे इंस्टेंट बन डोसा बनाने का पूरा प्रोसेस-
चाहिए होंगी ये चीजें-
- बन डोसा बनाने के लिए आपको 1 कप सूजी
- ½ कप दही
- 1 कप पानी
- तेल
- स्वादानुसार नमक
- ½ चम्मच हींग
- 1 चम्मच सरसों दाना
- 2 हरी मिर्च
- 2 चम्मच चना दाल
- 2 चम्मच बारीक कटा अदरक
- ¼ कप बारीक कटी प्याज़
- मुट्ठीभर कड़ी पत्ता
- ताज़ा धनिया और
- 1½ चम्मच बेकिंग सोडा की जरूरत होगी।
कैसे बनाएं बन डोसा?
- इसके लिए सबसे पहले एक मिक्सर जार में सूजी, दही, स्वादानुसार नमक और एक कप पानी डालकर स्मूद बैटर तैयार कर लें।
- अब, एक पैन में 1½ चम्मच तेल गर्म कर लें और इसमें ½ चम्मच हींग, 1 चम्मच सरसों दाना, 2 बारीट कटी हरी मिर्च और 2 चम्मच चना दाल डालकर भून लें।
- सभी चीजें हल्की भुन जाने के बाद पैन में 1 चम्मच बारीक कटा अदरक, 1/4 चम्मच बारीक कटा प्याज और मुट्ठीभर कड़ी पत्ता डालकर भून लें।
- तड़का तैयार होते ही इसे दही और सूजी के बैटर में डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
- इसके बाद बैटर में मुट्ठीभर हरा धनिया डालकर चला लें और बैटर को 5 मिनट के लिए छोड़ दें।
- तय समय बाद बैटर में 1½ चम्मच बेकिंग सोडा डालकर मिक्स कर लें।
- इसके बाद एक तड़का वाला पैन लें आप चाहें तो इसकी जगह ऑमलेट वाला छोटा पैन या अप्पम की कड़ाही भी ले सकते हैं।
- पैन में थोड़ा तेल डालकर गर्म कर लें और फिर इसमें तैयार बैटर को एक बड़ा चम्मच भरकर डालें।
- मीडियम हीट पर इसे पकाएं, एक साइड से पकने पर पलटकर दूसरी साइड से भी तेल डालकर पका लें।
- इतना करते ही आपका बन डोसा बनकर तैयार हो जाएगा। आप इसे दही या अपनी पसंद की चटनी के साथ गरमागरम खा सकते हैं।
उम्मीद है ये रेसिपी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Morning Mantra: रोज सुबह खाली पेट दही खाने से क्या होता है? यहां जानें क्या है दही खाने का सही तरीका