वीकेंड पर लोग आराम फरमाने के साथ-साथ अच्छा खाना खाना भी पसंद करते हैं। ऐसे में अगर आज के नाश्ते के लिए आप कोई हेल्दी और टेस्टी रेसिपी खोज रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है।
यहां हम आपके लिए चीला बनाने की खास रेसिपी लेकर आए हैं। हम भारतीय ब्रेकफास्ट में चीला खाना पसंद करते हैं। हालांकि, अगर आप बेसन या दाल का चीला खाकर बोर गए हैं और अब कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो आज आप लौकी का चीला बनाकर खा सकते हैं। इस चीले का स्वाद आपके घर के बड़ों से लेकर बच्चों तक को भी खूब पसंद आने वाला है।
आइए जानते हैं लौकी का चीला बनाने के लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे इसे बनाने का बेहद आसान तरीका-
तैयार कर लें ये सामान-
- लौकी का चीला बनाने के लिए आपको 1 मीडियम साइज की लौकी
- ½ कप बारीक कची प्याज
- 1 बारीक कटी हरी मिर्च
- नमक स्वादानुसार
- 2 मीडियम साइज के उबले हुए आलू
- 1 कप चावल
- 1 अदरक की छोटी गांठ
- 10-12 काली मिर्च
- तेल
- ½ छोटा चम्मच हींग
- 2 सूखी लाल मिर्च
- 1 छोटा चम्मच राई
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- एक टहनी करी पत्ता
- ¼ कप दही
- 1 बड़ा चम्मच भुने हुए तिल
- मुट्ठी भर कटा हुआ धनिया और
- ½ चम्मच बेकिंग पाउडर की जरूरत होगी।
कैसे बनाएं लौकी का चीला?
- इसके लिए सबसे पहले 1 मीडियम साइज की लौकी को छीलकर कद्दूकस कर लें।
- इसके बाद कद्दूकस की हुई लौकी में बारीक कटी प्याज, बारीक कटी हरी मिर्च और थोड़ा नमक डालकर चला लें। इसे 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें।
- 5 मिनट बाद लौकी को हाथों की मदद से अच्छी तरह निचोड़ लें और इसका पानी अलग कर लें।
- अब, एक मिक्सर जार में 2 उबले हुए आलू और 1 कप पानी में भिगोकर रखे हुए चावल डालें।
- इसके बाद जार में थोड़ा अदरक, काली मिर्च और लौकी का पानी डालकर एक स्मूद और पतला बैटर बना लें। जरूरत पड़ने पर आप इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं।
- इतना करने के बाद एक पैन में 3 चम्मच तेल डालकर गर्म कर लें।
- गर्म तेल में हींग, सूखी लाल मिर्च, राई, जीरा और कड़ी पत्ता डालकर एक तड़का तैयार कर लें।
- तैयार तड़के को बैटर में डालें और चला लें।
- इसके बाद तैयार बैटर में लौकी डालें। इसमें स्वादानुसार नमक, हरा धनिया, दही और भुना हुआ तिल भी डालकर अच्छी तरह चला लें।
- इतना करते ही आपका बैटर तैयार हो जाएगा, इसे नॉन स्टिक पैन पर डालकर चीला बना लें।
बता दें कि लौकी का चीला बनाने की ये रेसिपी शेफ कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है। ऐसे में इससे तैयार चीले के स्वाद आपको खूब पसंद आने वाला है। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- चाय को गाढ़ा बनाने के लिए उसमें क्या डालें? घर पर दूध कम हो तो आजमाएं ये हैक