Sukhwinder Singh Sukhu: कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगा दी है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम को मंजूरी दी गई। उनके साथ मुकेश अग्निहोत्री राज्य के उपमुख्यमंत्री होंगे। सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu Oath) रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में-

कौन हैं सुखविंदर सिंह सुक्खू?

चार बार के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu Net Worth, Family) को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया गया है। सुखविंदर का जन्म 26 मार्च 1964 को हमीरपुर जिले के नादौन तालुक के सेरा गांव में हुआ था। सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता रसील सिंह हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम (Himachal Pradesh Transport Corporation) में बस ड्राइवर थे। सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद शिमला में दूध बेचते थे।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ली है कानून में डिग्री

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मास्टर्स की पढ़ाई हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से की है। इसके बाद उन्होंने एलएलबी (LLB) की पढ़ाई की। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी। कॉलेज स्तर से ही उनकी राजनीति शुरू हो गई थी। कॉलेज के छात्र निकाय के महासचिव और अध्यक्ष बनने के बाद 1989 और 1995 के बीच वह NSUI के अध्यक्ष भी रहे।

फलता-फूलता राजनीतिक करियर

1999 में सुखविंदर सिंह सुक्खू को यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। वह 2008 तक इस पद पर रहे। इसके बाद साखू ने पार्षद पद का चुनाव लड़े। वे दो बार शिमला नगर पालिका के पार्षद चुने गए। 2013 में हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष बने, इस पद पर वे 2019 तक रहे।

चार बार बनें विधायक

58 वर्षीय सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल में रिकॉर्ड चार बार विधायक चुने गए हैं। 2003 में उन्हें पहली बार नादौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में चुना गया था। फिर 2007, 2017 और अब 2022 में नादौन से विधायक बने। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 11 जून 1998 को कमलेश ठाकुर से शादी की थी। वो एक गृहिणी है। उनकी दो बेटियां हैं, दोनों दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ती हैं।

नादौन विधानसभा सीट से विधायक हैं सुखविंदर सिंह सुक्खू

हिमाचल प्रदेश की नादौन विधानसभा सीट से सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जीत हासिल की है। उन्होंने बीजेपी के विजय कुमार को 3,363 वोटों से हराया। सुक्खू हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे चल रहे थे। सुखविंदर सिंह को 50.88 फीसदी के साथ 36142 वोट मिले जबकि बीजेपी के विजय कुमार को 46.14 फीसदी के साथ 32779 वोट मिले। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार शंकी ठुकराल को केवल 1,487 वोट मिले।

कितनी संपत्ति के मालिक हैं सुखविंदर सिंह सुक्खू

बता दें कि हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा के लिए जीत हासिल करने वाले कुल 68 विधायकों में से 63 विधायक करोड़पति हैं। जिसमें सुखविंदर सिंह का नाम भी शामिल है। सुखविंदर सिंह सुक्‍खू द्वारा हिमाचल प्रदेश 2022 के आम चुनाव में निर्वाचन आयोग दिए गए हलफनामे में बताई गई कुल संपत्ति के अनुसार करीब 24 लाख की कृषि योग्‍य भूमि है। दो लाख रुपये नकद के अलावा सोना, चांदी के आभूषण, वाहन, एलआईसी और बैंक में बचत के अलावा करीब 5 करोड़ की संपत्ति भी शामिल है। गाड़ियों में उनके पास MARUTI 800, ALTO, स्कॉर्पियो मॉडल 2008 है। इसके अलावा इनके ऊपर कर्ज के रूप में करीब 20 लाख रुपये है।

हलफनामे के अनुसार सुक्‍खू के पास फिलहाल कोई भी कॉमर्शियल बिल्डिंग नहीं है, जबकि 2017 में लगभग एक करोड़ की कीमत की इमारत थी। वहीं वर्तमान में उनके पास 40 लाख की कीमत का घर है। जबकि 2017 में इसकी कीमत 14 लाख रुपये थी। नादौन विधानसभा से विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास 2022 के मुताबिक 7 करोड़ 80 लाख रुपये से ज्यादा की चल और अचल संपत्ति है। जबकि 2017 के विधानसभा चुनाव (Nadaun Vidhansabha Election) में सुखविंदर सिंह ने अपनी कुल संपत्ति 05 करोड़ रुपये से ज्यादा की घोषित की थी। 2017 के मुकाबले संपत्ति में करीब 64 फीसदी का इजाफा हुआ है।