Pregnancy Diet Tips: आमतौर पर प्रेग्नेंसी के समय पूरा परिवार गर्भवती महिलाओं की देखभाल में लग जाते हैं। गर्भ में पल रहे शिशु के शरीर में भी पोषण का जरिया महिलाएं ही होती हैं। लेकिन केवल प्रेग्नेंसी तक ही नहीं बल्कि उसके बाद भी महिलाओं का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। साथ ही, प्रेग्नेंट महिलाओं को अपने खानपान का भी बेहद ध्यान रखना चाहिए। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की अपनी सेहत के प्रति जिम्मेदारी अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में शरीर को अतिरिक्त पोषक तत्वों, विटामिन्स और मिनरल्स की जरूरत होती है ताकि गर्भवती महिलाएं व शिशु सेहतमंद रह सके।

इन फलों का करें सेवन: प्रेग्नेंसी व डिलीवरी के बाद हेल्दी ईटिंग बहुत जरूरी है। न केवल शरीर के लिए बल्कि मस्तिष्क की शांति के लिए भी  आवश्यक है। ऐसे में फलों का सेवन बहुत ही गुणकारी है। सेब, संतरा, पपीता और कीवी जैसे फलों का सेवन बेहद कारगर साबित हो सकता है।

छोटे आहार लें: लीड हेल्थ कोच की न्यूट्रिशनिस्ट मिस. प्रीति त्यागी के मुताबिक गर्भावस्था में महिलाओं को एक साथ भारी खाना खाने के बजाय कम-कम मात्रा में कुछ देर के अंतराल पर खाते रहना चाहिए। वो कहती हैं कि इससे न केवल महिलाओं को ऊर्जावान रहने में मदद मिलेगी बल्कि उनका कैलोरी इनटेक भी कम होगा।

पोषक तत्वों से भरपूर हो खाना: प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं का डाइट पोषक तत्वों से भरपूर होना चाहिए। उन्हें अपनी डाइट में फाइबर, आयरन, विटामिन और कैल्शियम से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। वो चाहें तो मछली, सोया उत्पाद, दाल, जूस, हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करना चाहिए।

ऐसा होना चाहिए स्नैक्स: इस दौरान प्रेग्नेंट महिलाओं को क्रेविंग अधिक होती है, ऐसे में हेल्दी स्नैक्स का सेवन जरूरी है। अन्यथा उन्हें पाचन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सूखे मेवे, लो फैट मिल्क, उबले अंडों के साथ कुछ गाजर, प्लेन ग्रीक यॉगर्ट का सेवन कर सकती हैं।

खूब पीयें पानी: गर्भवती महिलाओं को ज्यादा थकान न हो, इसलिए जरूरी है कि वो लगातार पानी पीती रहें। खुद को हाइड्रेटेड रखने से शरीर में एनर्जी लेवल ठीक बना रहता है। पानी और जूस की मात्रा डाइट में बढ़ा दें, जबकि कैफीन युक्त पेय पदार्थ कम पीयें।