Weight Loss Tips: पिछले कुछ सालों में वजन घटाना एक चुनौती बनकर उभरा है। खराब जीवन शैली, स्ट्रेस, अनहेल्दी फूड्स, शारीरिक असक्रियता और नींद की कमी मोटापा बढ़ने के प्रमुख कारणों में से एक है। अपने बढ़ते वजन को काबू में करने की लोग तमाम कोशिशें करते हैं।

एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सस्टेनेबल वेट लॉस के लिए एक्सरसाइज और हेल्दी डाइट दोनों ही जरूरी है। अपने रोजाना के भोजन में कुछ बदलाव करने से वजन घटाने में मदद मिलती है। उनके मुताबिक मोटापा कम करने में दही का सेवन भी फायदेमंद होता है, जानिये कैसे –

दही खाने के फायदे: दही भारतीयों के भोजन का अहम हिस्सा होता है, गर्मी के मौसम में दही का कूलिंग इफेक्ट शरीर के लिए फायदेमंद होता है। कोई इसे मीठा तो कुछ लोग नमकीन दही खाना पसंद करते हैं। डिहाइड्रेशन और पाचन संबंधी दिक्कतों को दूर करने में दही का सेवन असरदार होता है। साथ ही, जो लोग वजन घटाने को इच्छुक होते हैं उन्हें दही खाने की सलाह दी जाती है।

बीएमआई पर रहता है कंट्रोल: हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार दही में प्रचुर मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है जो बॉडी मास इंडेक्स यानी बीएमआई पर निगरानी रखता है। ऐसे में डाइट में इसे शामिल करने से कुछ किलो वजन कम किया जा सकता है।

लंबे समय तक रखता है संतुष्ट: वजन घटाने की प्रक्रिया में लोग डाइट में प्रोटीन की मात्रा बढ़ा देते हैं, इससे लंबे समय तक पेट भरा रहता है। दही एक लो कार्ब और हाई प्रोटीन फूड है, ऐसे में वेट लॉस के लिए ये बेस्ट फूड्स में से एक है। दही में मौजूद प्रोटीन लीन मसल मास को बनाए रखने और तोंद कम करने में मददगार होता है।

बढ़ाता है मेटाबॉलिज्म: विशेषज्ञों के मुताबिक जिन लोगों का मेटाबॉलिज्म मजबूत होता है, उन्हें वजन घटाने में आसानी होती है। दही में प्रो-बायोटिक्स होते हैं जो पाचन क्षमता को बढ़ाते हैं, इससे चयापचय भी बेहतर होता है।

कैसे करें डाइट में शामिल: आप दोपहर या रात के खाने के साथ एक कटोरी दही खा सकते हैं। स्मूदी के रूप में नाश्ते में इसका सेवन कर सकते हैं। रायता, छाछ और लस्सी भी फायदेमंद हो सकता है।