Bihar Election 2020: राम विलास पासवान के निधन के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की सारी जिम्मेदारी उनके बेटे चिराग पासवान के कंधों पर आ गई है। लोक जनशक्ति पार्टी ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एनडीए का साथ छोड़ दिया था। अब लोजपा अकेले विधानसभा चुनाव लड़ रही है। रामविलास पासवान के परिवार से उनके भतीजे कृष्ण राज भी चुनावी मैदान में हैं। वो समस्तीपुर जिले की रोसड़ा विधानसभा सीट से एलजेपी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। कृष्ण राज रामविलास पासवान के भाई रामचंद्र पासवान के बेटे हैं, कृष्ण राज के भाई प्रिंस राज एलजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं।
चिराग पासवान के चचेरे भाई कृष्ण राज को रोसड़ा विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले का सामना करना पड़ रहा है। रोसड़ा विधानसभा सीट पर कृष्ण राज का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिरेंद्र कुमार और कांग्रेस के नागेंद्र कुमार विकल से है। बता दें कि उनके पिता रामचंद्र पासवान दो बार समस्तीपुर से सांसद रहे हैं। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनके बेटे प्रिंस राज समस्तीपुर से सांसद चुने गए।
करोड़ों की संपत्ति के हैं मालिक: चुनावी हलफनामे के मुताबिक कृष्ण राज के पास 1.85 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। जिसमें 48.24 लाख की चल संपत्ति और 1.37 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उनके पास नकदी के रूप में 1.55 लाख रुपए हैं। साथ ही 10 लाख रुपए की कीमत की सोने की चेन और अंगूठी भी है। इसके अलावा कृष्ण राज के नाम पर कृषि भूमि भी है।
चिराग जितनी है संपत्ति: आपको बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव के वक्त चिराग पासवान ने जो हलफनामा दाखिल किया था, उसके मुताबिक उनके पास भी कुल 1.85 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी थी। यानी चिराग के पास जितनी प्रॉपर्टी है, उतनी ही प्रॉपर्टी के मालिक कृष्ण राज भी हैं। आपको बता दें कि कृष्ण राज ने मदुरै कामराज यूनिवर्सिटी से बीबीए किया है, इसके अलावा उन्होंने एशियन अकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलिविजन नोएडा से एक्टिंग में डिप्लोमा भी किया है।
चिराग भी कर रहे हैं कृष्ण राज का प्रचार: एलजेपी ने कुछ ही सीटों पर भाजपा के सामने उम्मीदवार उतारे हैं। उन सीटों में से रोसड़ा भी एक है। 29 अक्टूबर को चिराग चचेरे भाई कृष्ण राज के लिए वोट मांगने रोसड़ा पहुंचे थे। रोसड़ा के भिरहा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने जनता से कृष्ण राज को जिताने की अपील की थी। चिराग ने मुंगेर गोलीकांड को लेकर नीतीश कुमार सरकार पर भी जमकर निशाना साधा था और मुंगेर घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा,’ महिषासुरी सरकार ने मां दुर्गा के भक्तों पर गोली चलवाई।’ उन्होंने शराब तस्करी को लेकर भी नीतीश कुमार पर निशाना साधा था।

