हमारे शरीर के लिए जरूरी खान-पान में पानी सबसे महत्वपूर्ण और अनिवार्य हिस्सा है। पानी शरीर की चयापचय दर (मेटाबॉलिज्म रेट) को नियंत्रित भी करता है। माना जाता है कि हमें प्रति दिन 15 से 20 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए। पानी में कोई कैलोरी नहीं होती है। इसलिए पानी से शरीर का वजन नहीं बढ़ता है, बल्कि यह शरीर के विषैले पदार्थो को बाहर निकालने में मदद करता है। कई लोगों का मानना है कि लगातार ठंडे पानी के सेवन से भी वजन बढ़ सकता है। मशहूर सेलिब्रिटी पोषण विशेषज्ञ पूजा मखीजा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर इस पर खास तौर पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी को पानी- गर्म या ठंडा क्यों पीना चाहिए?
कई तरह के शोधों और अध्ययनों के मुताबिक सुझाव दिया गया है कि किसी को कैलोरी की चिंता किए बिना पानी पीना चाहिए। जर्नल ऑफ क्लिनिकल एंडोक्रिनोलॉजी एंड मेटाबॉलिज्म कहता है कि ठंडा पानी पीने से वास्तव में वजन कम करने में मदद मिल सकती है। पानी में शून्य कैलोरी होती है, इसलिए यह असंभव है कि पीने का पानी वजन बढ़ने का कारण बनता हो।
मखीजा ने अपने पोस्ट में लिखा है, “कोई भी पानी आपको वजन नहीं बढ़ा सकता। वास्तव में आपके शरीर को शरीर के तापमान तक गर्म करने के लिए पानी को कैलोरी खर्च करना पड़ता है। यह 98 डिग्री होता है। इसका मतलब है कि पानी शरीर की चयापचय दर (मेटाबॉलिज्म रेट) बढ़ा रहा है। तो कोई भी पानी आपको मोटा नहीं बना सकता है। इसलिए किसी भी तरह का पानी गर्म या ठंडे को दिल खोलकर पीएं और उसका आनंद लें।”
मखीजा ने बताया है कि प्रति दिन पर्याप्त मात्रा में पानी होने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है। यह निर्जलीकरण, नींद न आना, चक्कर आना, कम पेशाब होना, मुंह का सूखा रहना, निम्न रक्तचाप और शरीर के त्वचा के लोचपन को नियंत्रित करने में मदद करता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अपने शरीर के सौंदर्य को बनाए रखने के लिए जरूरी है कि भरपूर पानी का सेवन किया जाए। अच्छा तो यह होगा कि सुबह सबसे पहले पानी पिया जाए, क्योंकि यह शरीर को विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने की क्षमता देता है, साथ ही त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखता है। मुंहासों को कम करता है और त्वचा को नमी देता है।