अंडे को पोषण का पावरहाउस कहा जाता है। इसमें शरीर के लिए जरूरी कई पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। खासकर वेट लॉस की चाह रखने वाले लोग नाश्ते में अंडा खाना पसंद करते हैं। दरअसल, अंडे में प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है और प्रोटीन भूख बढ़ाने वाले हॉर्मोन को कम करने में मदद करता है, ऐसे में सुबह के समय अंडा खाने से फिर आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं और आपका वजन संतुलित बना रहता है। इसके अलावा प्रोटीन मेटाबॉलिज्म को बूस्ट कर भी वेट लॉस में मदद करता है।
अब, अंडे को भी लोग दो तरह से खाते हैं। कुछ लोग नाश्ते में उबला अंडा खाना पसंद करते हैं, तो कुछ ऑमलेट बनाकर खाते हैं। इन दोनों का स्वाद ही अधिकतर लोगों को खूब पसंद आता है। हालांकि, अक्सर लोगों के मन में सवाल होता है कि वेट लॉस के लिए उबले हुए अंडे या ऑमलेट में से किसका सेवन करना ज्यादा फायदेमंद है? अगर आप भी इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। आइए समझते हैं इस बारे में विस्तार से-
उबले हुए अंडे खाने से मिलते हैं ये फायदे
सबसे पहले बात उबले हुए अंडे की करें, तो इसे तैयार करना बेहद आसान है। यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर (USDA) की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक सामान्य साइज के उबले हुए अंडे में लगभग 6 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन होता है, जो इसे मांसपेशियों के विकास और मरम्मत के लिए एक उत्कृष्ट विकल्प बनाता है।
इसके अलावा उबले हुए अंडे में B12, A और D जैसे आवश्यक विटामिन के साथ-साथ आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और जिंक जैसे मिनरल्स भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। ये सभी तृप्ति की भावना को बढ़ाकर फूड क्रेविंग को कम करते हैं और इस तरह वजन बढ़ने से रोकने में असर दिखाते हैं।
ऑमलेट खाने से मिलते हैं ये फायदे
अब, बात ऑमलेट की करें, तो अगर इसे केवल अंडे से बनाया जाए यानी साधारण ऑमलेट बनाया जाए, तो इसमें उबले हुए अंडे के समान ही प्रोटीन सामग्री हो सकती है। इससे अलग अगर आप कुछ सब्जियां डालकर ऑमलेट बनाते हैं, तो इससे ऑमलेट में फाइबर कंटेंट बढ़ सकता है, जो भी वेट लॉस में सीधा असर दिखाता है।
फाइबर से भरपूर चीजों का सेवन आपको लंबे समय तक पेट भरे होने का एहसास दिलाता है, इससे भी आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं और आपको वेट लॉस में मदद मिलती है।
फिर अंडा या ऑमलेट क्या खाना है ज्यादा फायदेमंद?
जैसा की ऊपर जिक्र किया गया है, वेट लॉस के लिए उबला हुआ अंडा और ऑमलेट दोनों का सेवन ही फायदेमंद है। हालांकि, इसके लिए कैलोरी पर ध्यान देना भी जरूरी हो जाता है। एक उबले अंडे में लगभग 78 कैलोरी होती है। वहीं, ऑमलेट में कैलोरी की मात्रा अलग-अलग हो सकती है। अगर आप सब्जियां डालकर ऑमलेट बनाते हैं, तो इससे कैलोरी की मात्रा में बहुत अधिक योगदान नहीं होता है, लेकिन बटर, ऑयल या अतिरिक्त सॉस के साथ बनाया गया ऑमलेट कैलोरी की मात्रा को काफी अधिक बढ़ा सकता है।
यानी आप वेट लॉस के लिए उबले हुए अंडे और ऑमलेट दोनों का ही सेवन कर सकते हैं लेकिन ऑमेट खाते समय इसमें कैलोरी की मात्रा को कम से कम रखने की कोशिश करें।
उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- मुलेठी का पानी कैसे बनाएं? सर्दियों का है सुपरफूड, यहां जान लें फायदे और नुकसान
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।