500 सालों का इंतजार अब खत्म हो गया है। अयोध्या में रामलला विराजमान हो चुके हैं। इसके साथ ही रामभक्तों की खुशी का ठिकाना नहीं है। हर ओर जय श्री राम के नारे गूंज रहे हैं, संपूर्ण भारत वासी राम की भक्ति में लीन हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे रिति रिवाजों के साथ रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूजा-अनुष्ठान संपन्न किया गया और अब कल यानी 23 जनवरी 2024 से श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए आधिकारिक तौर पर राम मंदिर खुल जाएगा। ऐसे में अगर आप भी अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने का प्लान बना रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है।
यहां हम आपको अयोध्या कैसे पहुंचे, रामलला के दर्शन का सही समय क्या है, आरती का समय क्या है जैसे तमाम सवालों के जवाब दे रहे हैं। साथ ही जानेंगे कि राम मंदिर के अलावा अयोध्या में आप किन और जगहों की भी सैर कर सकते हैं।
पहले ही बुक करानी होगी टिकट
बता दें कि अगर आप राम मंदिर जाने की योजना बना रहे हैं, तो मंदिर परिसर में जाने के लिए आपको पहले ही टिकट बुक करानी होगी। दरअसल, कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच इस समय केवल सीमित लोगों को ही रामलला के दर्शन के लिए मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। इसके लिए श्रद्धालु श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (SRJTKT) की आधिकारिक वेबसाइट srjbtkshetra.org के माध्यम से अपने टिकट ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। टिकट बुक करते समय आप कोई भी अपनी पसंद की तारीख और समय स्लॉट को चुन सकते हैं।
इससे अलग आप मंदिर के पास स्थित अयोध्या राम मंदिर विजिटर केंद्र जाकर ऑफलाइन टिकट भी ले सकते हैं। केंद्र रोज सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहता है। ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों ही टिकटों के लिए आपको कोई भी शुल्क नहीं देना होगा।
ये है दर्शन करने का सही समय
राम मंदिर सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक और फिर दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक दर्शन के लिए खुला रहेगा। ऐसे में अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले समय को ध्यान में रखें। वहीं, अगर आप राम आरती में शामिल होना चाहते हैं, तो श्रृंगार आरती के लिए प्रातः 06:30 बजे, भोग आरती के लिए दोपहर 12:00 बजे और संध्या आरती के लिए शाम 07:30 बजे का समय तय है।
कैसे पहुंचे अयोध्या?
आप बस, ट्रेन या हवाई जहाज तीनों के जरिए ही अयोध्या पहुंच सकते हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की कई बसें अयोध्या और पड़ोसी शहरों जैसे लखनऊ, फैजाबाद और गोरखपुर के बीच नियमित रूप से चलती हैं। अगर आप ट्रेन से जाने की योजना बना रहे हैं, तो इसके लिए आप ‘अयोध्या धाम जंक्शन’ पहुंच सकते हैं। यहां के लिए दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर से सीधी ट्रेनें चलती हैं। इन सब के अलावा आप हवाई जहाज की मदद से अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। इससे अलग लखनऊ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अयोध्या से निकटतम हवाई अड्डा है। लखनऊ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से अयोध्या करीब 130 किलोमीटर दूरी पर स्थिति है, इसके लिए हवाई अड्डे पर टैक्सियां और बसें आसानी से उपलब्ध हैं।
इन जगहों पर भी जरूर करें विजिट
राम मंदिर में श्री राम के दर्शन करने के बाद आप कनक भवन, सरयू घाट, मोती महल, तुलसी स्मारक भवन, छोटी छावनी, त्रेता ठाकुर मंदिर, बहू बेगम का मकबरा, गुलाब बाड़ी, नागेश्वरनाथ मंदिर और हनुमान गढ़ी भी जरूर जाएं। हालांकि, इसकी शुरुआत भी कनक महल से करें। दरअसल, ऐसा कहा जाता है कि श्रीराम से विवाह के बाद महारानी कैकेयी ने माता सीता को यह भवन मुंह दिखाई में दिया गया था। ये भवन माता सीता और राम जी का निजी महल है। इसके बाद आप सरयू घाट जा सकते हैं। इसे लेकर भी मान्यता है कि सरयू नदी के दर्शन करने और इसमें नहाने से सभी पापों से मुक्ति मिल जाती है। ऐसे में राम लला के दर्शन के बाद सरयू नदी में स्नान भी जरूर करें।