मोटापा आज के समय में अधिकतर लोगों के लिए सिर दर्द बना हुआ है। अनहेल्दी खानपान और शारीरिक गतिविधि में कमी वजन बढ़ने के सबसे अहम कारण हैं। वहीं, बढ़ा हुआ वजन अपने साथ कई बीमारियां भी लेकर आता है। यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स हर उम्र के लोगों को रेगुलर एक्सरसाइज के साथ-साथ सही खानपान की सलाह देते हैं, जिससे वजन नियंत्रण में रहे। हालांकि, कई बार लोगों की शिकायत होती है कि वे नियमित एक्सरसाइज करते हैं, साथ ही केवल हेल्दी खाना ही खाते हैं, बावजूद इसके उनका वजन बढ़ रहा है या वेट लॉस नहीं हो पा रहा है। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है।

यहां हम आपको 3 ऐसे आसान तरीके बता रहे हैं, जो मेटाबॉलिज्म बूस्ट करने में आपकी मदद कर सकते हैं। वहीं, मेटाबॉलिज्म तेज होने पर ना केवल आप मोटापे से छुटकारा पा सकेंगे बल्कि ये आपको पेट से संबंधी समस्याओं जैसे अपच, एसिडिटी, कब्ज आदि से भी निजात पाने में मददगार साबित होगा। इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर मेटाबॉलिज्म होता क्या है-

क्या होता है मेटाबॉलिज्म?

आसान भाषा में समझें, तो मेटाबॉलिज्म कैटाबॉलिज्म और एनाबॉलिज्म की प्रक्रिया से मिलकर बनता है। कैटाबोलिज्म वह प्रक्रिया है, जिसमें हम जो कुछ भी खाते-पीते हैं, वो सरल तरीके से पोषक तत्वों में टूट जाता है और इन पोषक तत्वों से हमारे शरीर को एनर्जी मिलती है।

दूसरी ओर एनाबॉलिज्म वह प्रक्रिया है जिसमें हमारा शरीर पोषक तत्वों से मिली एनर्जी को हर तरह के शारीरिक कार्यों के लिए उपयोग करता है। इसमें शरीर में कोशिकाओं को विकसित करने से लेकर उनकी मरम्मत करना भी शामिल है। यानी अगर आपका मेटाबॉलिज्म कमजोर है तो ऐसे में आपका खाना ठीक तरह से पचता नहीं है और आपको अपच, कब्ज, एसिडिटी जैसी तमाम समस्याएं घेर लेती हैं। साथ ही खराब पाचन वजन बढ़ाने का कारण भी बनता है।

मेटाबॉलिज्म बूस्ट कर देंगी ये 3 आदत

खाने में बढ़ाएं प्रोटीन की मात्रा

अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रिशन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मेटाबॉलिज्म बढ़ाने के लिए प्रोटीन का सेवन बेहद जरूरी है। दरअसल, प्रोटीन में वसा या कार्ब्स की तुलना में बहुत अधिक थर्मिक प्रभाव होता है। ऐसे में प्रोटीन का सेवन चयापचय यानी मेटाबॉलिज्म को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा दे सकता है।

उम्र के हिसाब से जानें कितना प्रोटीन है जरूरी

  • हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, शिशुओं को एक दिन में लगभग 10 ग्राम की जरूरत होती है।
  • इसके अलावा, स्कूली उम्र के बच्चों (लड़का-लड़की दोनों) को एक दिन में 19-34 ग्राम,
  • किशोर लड़कों को एक दिन में 52 ग्राम,
  • किशोर लड़कियों को एक दिन में 46 ग्राम,
  • वयस्क पुरुषों को एक दिन में करीब 56 ग्राम,
  • वयस्क महिलाओं को एक दिन में करीब 46 ग्राम और
  • गर्भवती या स्तनपान कराने वाली महिलाओं को एक दिन में 71 ग्राम प्रोटीन लेना चाहिए।

खूब पिएं पानी

कई शोध के नतीजे बताते हैं कि शरीर में पानी की सही मात्रा आपके चयापचय को सीधी तरह प्रभावित करती है। इतना ही नहीं, एक बार ठंडा पानी पीने से आपका मेटाबॉलिज्म लगभग एक घंटे के लिए 25 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। पानी शरीर में थर्मोजेनेसिस (गर्मी उत्पादन) को उत्तेजित करता है, जिसे मेटाबॉलिज्म बूस्ट करने में मदद मिलती है।

नींद है जरूरी

इन सब के अलावा नींद भी मेटाबॉलिज्म पर सीधा असर करती है। नींद पूरी न होने पर मेटाबॉलिज्म सुस्त होने लगता है। ऐसे में जरूरी है कि आप ठीक तरह से सोएं और प्राप्त नींद लें।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।