मोतीचूर के लड्डू हम भारतीयों को बेहद पसंद होते हैं। हालांकि, बाजार में मिठाई में मिलावट होने के चलते अब अधिकतर लोग इन्हें खाने से बचने लगे हैं। जबकि घर में इन्हें बनाने में बेहद समय लग जाता है। ऐसे में अधिकतर लोग अपनी इस पसंदीदा मिठाई से परहेज करने को मजबूर हो जाते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं और आपको भी मोतीचूर के लड्डू खूब पसंद हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है।

यहां हम आपको एक ऐसी कमाल की रेसिपी बता रहे हैं, जिसकी मदद से आप केवल 10 मिनट में घर पर ही मोतचूर के लड्डू बना सकते हैं। साथ ही इसके लिए आपको केवल 5 चीजों की जरूरत होगी।

लड्डू बनाने की ये रेसिपी मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की है। आइए जानते हैं इससे मोतीचूर के लड्डू बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-

चाहिए होंगी ये चीजें-

  • मोतीचूर के लड्डू बनाने के लिए आपको 1 कप चीनी
  • 1 कप बेसन
  • 2 चम्मच घी
  • संतरी रंग और
  • खरबूजे के बीजों की जरूरत होगी।

कैसे बनाएं मोतीचूर के लड्डू?

  • इसके लिए सबसे पहले एक पैन में 1 कप चीनी और 3/4 कप पानी डालकर 1 तार की चाशनी बना लें।
  • तब तक एक कप बेसन लें और इससे अच्छी तरह छान लें।
  • छानने के बाद बेसन में थोड़ा-थोड़ा पानी डालें और चलाते रहें। ऐसा कर आपको बेसन का एक गाढ़ा घोल बना लेना है।
  • घोल बन जाने के बाद एक पैन में 2 चम्मच घी डालकर गर्म कर लें।
  • घी गर्म होने पर इसमें तैयार बेसन के घोल को चम्मच की मदद से मोटा-मोटा और लंबा करके डालें।
  • बेसन घी में हल्का पक जाए, तब इसे निकालकर अलग रख दें।
  • इसके बाद फ्राई हुए इस बेसन को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़े और मिक्सर में डालकर दरदरा पाउडर बना लें।
  • अब, तैयार चाशनी में 1 चुटकी संतरी रंग मिलाएं और इसके बाद इसमें तैयार पिसा हुआ बेसन डालकर अच्छी तरह चला लें।
  • मिक्स करने के बाद इसे 3-4 मिनट ढककर छोड़ दें ताकी बेसन में चाशनी अच्छी तरह मिल सके।
  • तय समय बाद बेसन और चाशनी में खरबूजे के बीज मिलाएं और फिर इससे लड्डू बना लें।
  • इतना करते ही आपके मोतीचूर के लड्डू बनकर तैयार हो जाएंगे।