इंग्लैंड के बल्लेबाज जैक क्रॉली ने पाकिस्तान के खिलाफ साउथैम्पटन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के पहले दिन शतक लगा दिया। क्रॉली के करियर का यह पहला शतक है। खास बात है कि वे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए घरेलू मैदान पिछले 4 साल में शतक लगाने वाले पहले इंग्लिश बल्लेबाज हैं। उनसे पहले टीम के मौजूदा कप्तान जो रूट ने ऐसा किया था। रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ ही 2016 में मैनचेस्टर के मैदान पर 254 रनों की पारी खेली थी। ओवरऑल की बात करें तो तीसरे नंबर इंग्लैंड के लिए दो साल बाद किसी बल्लेबाज ने शतक लगाया है। पिछली बार जॉनी बेयरस्टो ने 2018 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में 110 रन बनाए थे।

क्रॉली ने एक और अनोखा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। वे पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले इंग्लैंड के तीसरे सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने 21 साल 200 दिन की आयु में शतक लगाया था। वहीं, महान ऑलराउंडर इयान बॉथम ने 22 साल 191 दिन की आयु में शतक जड़ा था। क्रॉली ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 171 रन बना लिए थे। उन्होंने अपनी पारी में 19 चौके लगाए। क्रॉली ने पांचवें विकेट के लिए जोस बटलर के साथ 205 रन की साझेदारी की। बटलर ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 87 रन बनाए।

दूसरी बार पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 200 से ज्यादा रनों की साझेदारी की है। इससे पहले पॉल कलिंगवुड और इयॉन मॉर्गन ने 2010 में ट्रेंट ब्रीज में खेले गए टेस्ट में 219 रन जोड़े थे। क्रॉली के क्रिकेट करियर की यह सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका उच्चतम स्कोर 168 रन था। उन्होंने 2018 में केंट की ओर से खेलते हुए ग्लेमॉर्गन के खिलाफ शतक लगाया था।

इससे पहले मैच इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। इंग्लैंड को पहला झटका रोरी बर्न्स के रूप में लगा। वे 6 रन बनाकर शाहीन अफरीदी की गेंद पर शान मसूद को कैच थमा बैठे। इसके बाद उसे दूसरा झटका स्पिनर यासिर शाह ने दिया। उन्होंने डोमिनिक सिबली को 22 रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। सिबली ने 47 गेंद की पारी में एक चौका लगाया। यासिर शाह ने ओली पोप को 3 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इससे पहले कप्तान जो रूट 29 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें नसीम शाह ने पवेलियन भेजा।