साउथ अफ्रीका को हराने के साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 में टीम इंडिया के 54 पॉइंट्स हो गए। वह इकलौती टीम है, जिसके 50 से ज्यादा पॉइंट्स हैं। हालांकि, इसके बावजूद वह आईसीसी की अंक तालिका में शीर्ष पर नहीं है।
यही नहीं, वह अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और श्रीलंका से भी नीचे है। आइए जानते हैं कि आखिर सबसे ज्यादा पॉइंट्स होने के बावजूद आईसीसी ने उसे शीर्ष पर जगह क्यों नहीं दी है।
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 की अंक तालिका में टॉप पर ऑस्ट्रेलिया है। उसके 36 अंक हैं। दूसरे नंबर पर श्रीलंका है। उसके 24 अंक हैं। बाबर आजम की अगुआई वाली पाकिस्तान तीसरे नंबर पर है। उसके 36 अंक हैं। वेस्टइंडीज की टीम 5वें नंबर पर है। उसके 12 अंक हैं।
न्यूजीलैंड की टीम छठे नंबर पर उसके 4 अंक ही हैं। इंग्लैंड की टीम के 6 अंक हैं, लेकिन वह न्यूजीलैंड से नीचे सातवें नंबर पर है। साउथ अफ्रीका 8वें और बांग्लादेश 9वें नंबर पर है। इन दोनों टीमों के एक भी अंक नहीं हैं।
दरअसल, आईसीसी ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) 2021-23 की पॉइंट्स टेबल में वरिष्ठता का निर्धारण टीमों के विनिंग पर्सेंट को रखा है। इसी कारण कम अंक होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और पाकिस्तान भारत से ऊपर हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 के तहत ऑस्ट्रेलिया ने अब तक एक सीरीज खेली है और उसने तीनों मैच जीते। इसलिए उसका विनिंग पर्सेंट 100 है। श्रीलंका ने भी एक सीरीज खेली है। उसने भी सीरीज के दोनों मैच जीते। उसका भी विनिंग पर्सेंट 100 है।
पाकिस्तान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत अब तक 2 सीरीज खेल चुका है। इसमें 4 मैच खेले हैं। इनमें से 3 जीते और एक हारा है। इस तरह उसका विनिंग पर्सेंट 75 है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत की यह तीसरी सीरीज है। उसने अब तक 7 टेस्ट मैच खेले हैं।
इनमें से टीम इंडिया ने 4 जीते हैं, एक हारा है, जबकि 2 ड्रॉ पर छूटे हैं। इस कारण उसका विनिंग पर्सेंट 64.28 ही है। यही वजह है कि वह इन तीनों टीमों से अंक तालिका में नीचे है। वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड का विनिंग पर्सेंट भारत से काफी कम है।