भारतीय क्रिकेट टीम 18 से 22 जून तक साउथम्पटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच खेलेगी। दोनों देशों के पिछले पांच टेस्ट मैचों में तीन भारत और दो न्यूजीलैंड ने जीते हैं। टीम इंडिया को कीवियों के खिलाफ अपने होमग्राउंड पर जीत मिली है। वहीं, न्यूजीलैंड को भी भारत के खिलाफ अपने होमग्राउंड पर ही जीत मिली है। यह पहला अवसर होगा कि दोनों टीमें तटस्थ स्थान पर टेस्ट मैच खेलेगी। इसमें भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नहीं होंगे।

भारतीय टीम 2007 से लेकर अब तक हर बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में धोनी के साथ खेली है। 14 साल में पहली बार ऐसा होगा जब वे नहीं होंगे। कप्तान के तौर पर विराट कोहली का यह असली टेस्ट होगा। वे अब तक दो बार आईसीसी टूर्नामेंट में हार चुके हैं। 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल और 2019 में वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल उन्होंने अपनी कप्तानी गंवाया है। पिछली बार सेमीफाइनल मैच में धोनी टीम के साथ थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके रनआउट होते ही भारत की जीतने की उम्मीदें समाप्त हो गई थीं। वह उनके करियर का आखिरी मैच भी साबित हुआ।

धोनी रहते हुए भारत ने इन टूर्नामेंट्स के फाइनल खेले हैं:

टी20 वर्ल्ड कप 2007: महेंद्र सिंह धोनी पहली बार टीम इंडिया के कप्तान बने थे। सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले की गैरमौजूदगी में युवा टीम मिली थी। किसी ने खिताब जीतने की उम्मीद भी नहीं की थी। धोनी ने जादुई कप्तानी से भारत को फाइनल तक पहुंचाया। वहां गौतम गंभीर की शानदार पारी और आरपी सिंह-इरफान पठान की गेंदबाजी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को हराया था।

2011 वर्ल्ड कप: भारत 1983 के बाद चैंपियन बना था। घरेलू मैदान पर वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश भी बना था। धोनी ने फाइनल मैच में गंभीर के साथ शानदार बैटिंग की थी और भारत ने श्रीलंका को हरा दिया था।

2013 चैंपियंस ट्रॉफी: ये धोनी की कप्तानी में जीती हुई भारत की आखिरी आईसीसी ट्रॉफी थी। उसके बाद से भारत कभी आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीत सका। टीम इंडिया ने फाइनल में मेजबान इंग्लैंड को हराया था।

2014 टी20 वर्ल्ड कप: धोनी की कप्तानी में पहली बार भारत कोई आईसीसी टूर्नामेंट का फाइनल मैच हारा था। श्रीलंका ने खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया को शिकस्त दी थी।

2017 चैंपियंस ट्रॉफी: यह धोनी के रहते पहला मौका था जब टीम फाइनल खेल रही थी और वे कप्तान नहीं थे। विराट कोहली के नेतृत्व में भारतीय टीम पाकिस्तान से फाइनल मैच बुरी तरह हारा था।