विश्व कप 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को फिर झटका लगा है। एक नवंबर को खबर आई थी कि ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल गोल्फ कार्ट से गिरकर चोटिल होने के कारण मैच से बाहर हो गए हैं। अब ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम का साथ छोड़ दिया है। उन्होंने पर्थ के लिए उड़ान भर दी है। उनकी वापसी की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है।
इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले मिचेल मार्श का स्वदेश लौटना ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) विश्व कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 6 मैच में 37.50 के औसत और 91.46 के स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाए हैं। वह 6.14 की इकॉनमी से 2 विकेट भी झटक चुके हैं।
मिचेल मार्श विश्व कप 2023 से बाहर?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘यह स्पष्ट नहीं है कि 32 साल के मिचेल मार्श कितने समय तक अनुपलब्ध रहेंगे और क्या उनकी गैरमौजूदगी में टीम को उनके रिप्लेसमेंट की आवश्यकता होगी। टीम में उनकी वापसी की समयसीमा की पुष्टि की जानी है।’
मिचेल मार्श और ग्लेन मैक्सवेल का टीम से बाहर होना ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए परेशानी पैदा करने वाला है। यह उसके विजयी अभियान में रोड़ा बन सकता है। विश्व कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने अपने अभियान की शुरुआत बैक-टू-बैक हार के साथ की थी, लेकिन इसके बाद उसने लगातार चार जीत के साथ अपनी लय हासिल कर ली।
स्मिथ तीसरे और लाबुशेन चौथे नंबर पर कर सकते हैं बल्लेबाजी
ऐसा लगता है कि मिचेल मार्श के बाहर होने पर स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन क्रमशः तीसरे और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतर सकते हैं। अब ऑस्ट्रेलिया का अगला फैसला यह होगा कि मिचेल मार्श को उनकी 15 सदस्यीय टीम में शामिल करने की जरुरत है या नहीं। पता चला है कि 32 साल का यह खिलाड़ी शेष टूर्नामेंट के लिए तब तक वापसी नहीं करेगा, जब तक कि टीम का कोई और सदस्य चोटिल न हो।
तनवीर संघा इकलौते ट्रैवलिंग रिजर्व
लेग स्पिनर तनवीर संघा ऑस्ट्रेलिया के एकमात्र मौजूदा ट्रैवलिंग रिजर्व हैं, लेकिन उनके खेलने की संभावना केवल तभी दिखती है जब एडम जम्पा प्लेइंग इलेवन से बाहर हों। हाल ही में पदार्पण करने वाले मैथ्यू शॉर्ट भी रिजर्व के रूप में अभियान की शुरुआत में विश्व कप टीम के साथ थे।
विश्व कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया का अब तक का सफर/शेड्यूल
08 अक्टूबर: भारत से छह विकेट से हारा
12 अक्टूबर: दक्षिण अफ्रीका से 134 रन से हारा
16 अक्टूबर: श्रीलंका को 5 विकेट से हराया
20 अक्टूबर: पाकिस्तान को 62 रन से हराया
25 अक्टूबर: नीदरलैंड्स को 309 रन से हराया
28 अक्टूबर: न्यूजीलैंड को 5 रन से हराया
04 नवंबर: इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में मैच
07 नवंबर: अफगानिस्तान के खिलाफ मुंबई में मैच
11 नवंबर: बांग्लादेश के खिलाफ पुणे में मैच
ऑस्ट्रेलिया टीम: पैट कमिंस (कप्तान), सीन एबॉट, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वार्नर, एडम जम्पा।