महेंद्र सिंह धोनी का हेलिकॉप्टर शॉट, कपिल देव की जांबाज पारी, साउथ अफ्रीका पर बारिश की मार या फिर न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच फाइनल का सुपर ओवर। विश्व कप ने ऐसे कई लम्हे दिए हैं, जो क्रिकेटप्रेमियों के जेहन में आज भी ताजा है। भारत में पांच अक्टूबर से शुरू हो रहे क्रिकेट के इस महासमर से पहले पिछले 12 विश्व कप पर एक नजर डालते हैं।
2019 विश्व कप, इंग्लैंड: चौके-छक्के की गिनती से चुना गया चैंपियन
निर्धारित सौ ओवर और सुपर ओवर के बाद भी फाइनल टाई रहने के कारण चौकों-छक्कों की गिनती के आधार पर विजेता का चयन हुआ। इंग्लैंड के विकेटकीपर जोस बटलर ने इसे सबसे अजीब मैच करार दिया। इंग्लैंड ने पहला विश्व कप जिस अंदाज में जीता, उसे लेकर काफी सवाल भी उठे। इस विश्व कप में 10 टीमों ने हिस्सा लिया था।
एकल राउंड रॉबिन में भारत सात जीत, एक हार और एक मैच रद्द होने से शीर्ष पर रहा। इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने भारत को हराया। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। भारत के रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 648 रन बनाए, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने 27 विकेट लिए।
2015 विश्व कप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड: मिचेल स्टार्क की यॉर्कर ने तोड़ा कीवी टीम का सपना
ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। ब्रेंडन मैकुलम की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड पहली बार विश्व कप फाइनल में पहुंचा, लेकिन मिचेल स्टार्क की यॉर्कर पर तीसरी ही गेंद पर उनका विकेट गिरने से न्यूजीलैंड की हार लगभग तय हो गई। ट्रेंट बोल्ट को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। बोल्ट ने स्टार्क के बराबर 22 विकेट लिए। न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल ने सर्वाधिक 547 रन बनाए। भारतीय टीम सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी।
2011 विश्व कप, भारत-श्रीलंका और बांग्लादेश: किवदंती बन गया एमएस धोनी का हेलिकॉप्टर शॉट
एमएस धोनी का हेलिकॉप्टर शॉट से लगाया गया छक्का क्रिकेट की किवदंतियों में शामिल हो गया। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 6 विकेट से हराया आखिरकार 6 विश्व कप खेल चुके सचिन तेंदुलकर का खिताब जीतने का सपना पूरा हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें कंधे पर बैठाकर जीत के बाद मैदान का चक्कर लगाया। विराट कोहली ने कहा था, ‘वह 21 साल से देश की उम्मीदों का बोझ उठा रहे हैं। अब हमारी बारी उन्हें अपने कंधे पर उठाने की है।’ अपनी धरती पर विश्व कप जीतने वाला भारत पहला देश बना। युवराज सिंह अपने बेहतरीन हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।
2007 विश्व कप, वेस्टइंडीज: वूल्मर की मौत, ऑस्ट्रेलिया तीसरी बार चैंपियन
ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 53 रन से हराया। बारबाडोस में बारिश से बाधित फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार तीसरी बार खिताब जीता। एडम गिलक्रिस्ट ने 149 रन बनाए, जो विश्व कप फाइनल में सर्वोच्च स्कोर है। इसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान के इंग्लिश कोच बॉब वूल्मर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ग्रुप चरण में आयरलैंड के हाथों पाकिस्तान की अप्रत्याशित हार के बाद वह अपने होटल के कमरे में मृत पाए गए थे। भारत और पाकिस्तान टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गए। दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स 1 ओवर में 6 छक्के जड़ने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ यह कमाल किया।
2003 विश्व कप, दक्षिण अफ्रीका: पूरे टूर्नामेंट में नहीं हारी टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया ने धोया
ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में भारत को 125 रन से हराया। पूरे टूर्नामेंट में अपराजेय रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने फाइनल में सौरव गांगुली की अगुआई वाली भारतीय टीम को एकतरफा मुकाबले में हराया। पहले ही ओवर में सचिन तेंदुलकर को ग्लेन मैक्ग्रा ने पवेलियन भेजकर भारतीयों के दिल तोड़ दिए। इस टूर्नामेंट से ठीक पहले डोपिंग के आरोप में ऑस्ट्रेलिया के स्टार स्पिनर शेन वॉर्न को स्वदेश लौटना पड़ा था। केन्या ने श्रीलंका को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश करके सभी को चौका दिया था।
1999 विश्व कप, इंग्लैंड एंड वेल्स: एक कैच ने साउथ अफ्रीका पर लगाया चोकर्स का दाग
ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को फाइनल में 8 विकेट से हराया। शेन वॉर्न ने फाइनल में 4 विकेट लिए और पाकिस्तानी टीम 132 रन पर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने 1987 के बाद पहला विश्व कप जीता। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसके दो मैच क्रिकेट के इतिहास का हिस्सा बन गए। सुपर सिक्स चरण के पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ ने 120 रन बनाए।
हर्शल गिब्स ने स्टीव वॉ का 56 के स्कोर पर कैच छोड़ा। इस पर स्टीव वॉ ने हर्शल गिब्स से कहा था, ‘तुमने विश्व कप टपका दिया।’ सेमीफाइनल में फिर ऑस्ट्रेलिया के सामने दक्षिण अफ्रीका थी। दक्षिण अफ्रीका के एलेन डोनाल्ड दो गेंद बाकी रहते लांस क्लूसनर से हुई गलतफहमी के कारण रन आउट हो गए। मैच टाई हो गया और पिछले मैच की जीत के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को विजयी घोषित किया गया।
1996 विश्व कप, भारत-पाकिस्तान और श्रीलंका: अरविंद डिसिल्वा बने श्रीलंका की जीत के सूत्रधार
श्रीलंका ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराया। अरविंद डिसिल्वा श्रीलंका की जीत के सूत्रधार रहे। उन्होंने फाइनल में 3 विकेट लिए और 2 कैच लपके। इसके साथ ही नाबाद 107 रन की पारी खेली। कोलंबो में तीन सप्ताह पहले आतंकी हमले के कारण ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ग्रुप चरण का मैच खेलने नहीं गए। कोलकाता (तत्कालीन कलकत्ता) में श्रीलंका के 8 विकेट पर 251 रन के जवाब में भारत के 8 विकेट 120 रन पर गिरने के बाद दर्शकों ने पिच पर बोतलें फेंकी और दीर्घा में पटाखे जलाये। यह मैच रद्द करना पड़ा।
1992 विश्व कप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड: साउथ अफ्रीका को 1 गेंद में मिला 22 रन बनाने का लक्ष्य
फाइनल में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 22 रन से हराया। पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 22 रन से हराकर पहली बार खिताब जीता। जीत के सूत्रधार रहे इमरान खान, जावेद मियांदाद और वसीम अकरम। इस विश्व कप से ही रंग बिरंगी पोशाक और फ्लडलाइट का दौर शुरू हुआ। साउथ अफ्रीका 21 साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटा और सेमीफाइनल तक पहुंचा।
सिडनी में सेमीफाइनल मैच में बारिश हो गई जब उसे जीत के लिए 13 गेंद में 22 रन बनाने थे। डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर संशोधित लक्ष्य मिला 1 गेंद में 21 रन। साउथ अफ्रीका के साथ दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमियों को इसका अफसोस रहा।
1987 विश्व कप, भारत-पाकिस्तान: पहली बार 50 ओवर का खेला गया विश्व कप
ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलन बॉर्डर को उनकी टीम ने ईडन गार्डंस पर कंधे पर बैठाया। पहली बार विश्व कप 60 की बजाय प्रति टीम 50 ओवर का रहा। चेतन शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप चरण में हैट्रिक लगाई। ग्रुप चरण में कई मुकाबले काफी करीबी रहे। पाकिस्तान ने श्रीलंका को 15 रन से हराया, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 1 रन से, न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे को तीन रन से मात दी।
1983 विश्व कप, इंग्लैंड: भारत ने वह किया, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी
भारत ने वेस्टइंडीज को 43 रन से हराया। कपिल देव के करिश्माई खिलाड़ियों ने वह कर दिखाया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। इसने भारतीय क्रिकेट के अब तक के सफर में मील के पत्थर की भूमिका निभाई। दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को हरा भारत ने पहली बार खिताब जीता।
फाइनल में भारतीय टीम 183 रन पर आउट हो गई, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम जवाब में 140 रन ही बना पाई। मोहिंदर अमरनाथ और मदन लाल ने 3-3 विकेट लिए। इससे पहले कपिल देव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 175 रन बनाकर अपने दम पर भारत को जीत दिलाई थी।
1979 विश्व कप, इंग्लैंड: विव और कॉलिन ने वेस्टइंडीज को दोबारा बनाया किंग
वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 92 रन से हराया। विवियन रिचर्ड्स, कॉलिन किंग की फाइनल में शानदार बल्लेबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने जीत हासिल की। कैरी पैकर विश्व सीरिज क्रिकेट के कारण ऑस्ट्रेलिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी टूर्नामेंट में उपलब्ध नहीं थे।
1975 विश्व कप, इंग्लैंड: वेस्टइंडीज ने दुनिया को मनवाया अपना लोहा
वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हराया। पहला विश्व कप। खेल के इतिहास में बड़ा आंदोलन माना गया। वेस्टइंडीज की तूती बोल रही थी। इंग्लैंड के खिलाफ ग्रुप चरण के 1 मैच में भारत के सुनील गावस्कर ने पूरे 60 ओवर खेलकर 36 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराया, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को मात दी।