भारत के विश्व कप अभियान की शुरुआत शानदार हुई है। ऑस्ट्रेलिया को मात देने के बाद टीम इंडिया ने बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ भी 8 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। भारत की जीत में कप्तान रोहित शर्मा का सबसे बड़ा योगदान रहा। रोहित ने विश्व कप का सातवां और अपने करियर का 31वां शतक जड़ा। इस मैच में रोहित ने 84 गेंद में 131 रन की पारी खेली। अपनी पारी में रोहित ने 16 चौके और 5 छक्के जड़े।

भारत और इंग्लैंड ने लगाए 8-8 शतक

इस मुकाबले में रोहित शर्मा ने कई बड़े रिकॉर्ड्स को ध्वस्त किया। हिटमैन ने सचिन तेंदुलकर के एक बड़े रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। रोहित शर्मा वर्ल्ड कप में सबसे अधिक 7 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सचिन के नाम 6 शतक थे। इसके अलावा रोहित के इस शतक के साथ एक शानदार आंकड़ा भी सामने आया है। दरअसल, 2019 विश्व कप के बाद से भारत और इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा 8-8 शतक लगे हैं। इसमें अकेले रोहित शर्मा के 7 शतक हैं जबकि एक शतक केएल राहुल का है। राहुल ने भी विश्व कप 2019 में वह शतक लगाया था।

हिटमैन ने 2019 में लगाई थी 5 सेंचुरी

रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप में जो 7 शतक लगाए हैं उनमें से 5 तो 2019 वर्ल्ड कप के हैं। रोहित वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजी भी हैं। साथ ही 2019 से अभी तक विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की ओर से 5 सेंचुरी आई हैं और यह पांचों 2019 वर्ल्ड कप में ही लगी हैं। डेविड वार्नर ने 3 और एरोन फिंच ने 2 शतक लगाए थे। न्यूजीलैंड, पाकिस्तान दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की ओर से 4-4 शतक लगे हैं। बांग्लादेश ने 3 और वेस्टइंडीज की ओर से 2 शतक लगे हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित के सबसे ज्यादा छक्के

रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले क्रिकेटर भी बन गए हैं। रोहित ऐसा करने से सिर्फ तीन छक्के दूर थे। रोहित ने क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। रोहित शर्मा के अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 556 छक्के हो गए हैं। क्रिस गेल के नाम 553 छक्के थे। वहीं पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम 476 छक्के हैं। रोहित शर्मा नवीन उल के ओवर में छक्का लगाकर इस रिकॉर्ड को तोड़ा।