अफगानिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप के मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने सेंचुरी ठोक दी है। रोहित ने 63 गेंद में 12 चौके और 4 छक्के की मदद से 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर की 31वीं सेंचुरी पूरी की। रोहित शर्मा का यह वर्ल्ड कप में सातवां शतक है और इसी के साथ उन्होंने मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। रोहित शर्मा ने सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतकों के रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है।

हिटमैन ने सचिन तेंदुलकर को पछाड़ा

सचिन तेंदुलकर के नाम वर्ल्ड कप में 6 शतक थे और रोहित शर्मा भी 6 शतक के साथ बराबरी पर थे, लेकिन अब रोहित आगे निकल गए हैं। अपने करियर का तीसरा ही विश्व कप खेल रहे रोहित शर्मा ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है जबकि सचिन तेंदुलकर ने 6 वर्ल्ड कप खेलते हुए 6 सेंचुरी बनाई थी। रोहित शर्मा ने 2015 विश्व कप में 1 शतक लगाया था तो वहीं 2019 वर्ल्ड कप में रोहित ने 5 शतक जड़े थे। वह 2019 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे थे।

सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय भी बने रोहित

इसके अलावा रोहित शर्मा विश्व कप में सबसे तेज शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 63 गेंद में यह शतक जड़ा। अभी तक यह रिकॉर्ड पूर्व कप्तान कपिल देव के नाम था। कपिल देव ने 72 गेंद में जिम्बाब्वे के खिलाफ अभी तक का सबसे तेज शतक लगाया था, लेकिन अब यह रिकॉर्ड हिटमैन के नाम हो गया है। रोहित ने इसके अलावा इस मैच में वर्ल्ड कप में सबसे तेज 1000 रन का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने डेविड वार्नर को पीछे छोड़ दिया।

इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित के सबसे ज्यादा छक्के

रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले क्रिकेटर भी बन गए हैं। रोहित ऐसा करने से सिर्फ तीन छक्के दूर थे। रोहित ने क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। रोहित शर्मा के अब इंटरनेशनल क्रिकेट में 556 छक्के हो गए हैं। क्रिस गेल के नाम 553 छक्के थे। वहीं पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम 476 छक्के हैं। रोहित शर्मा नवीन उल के ओवर में छक्का लगाकर इस रिकॉर्ड को तोड़ा।