आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में इंग्लैंड की टीम रविवार को अफगानिस्तान के खिलाफ एक बड़े उलटफेर का शिकार हो गई। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को 69 रन से हरा दिया। विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड पांचवीं बार बड़े अपसेट का शिकार हुई। इस हार ने इंग्लैंड को झकझोर कर रख दिया है। अब अगले मुकाबले से पहले इंग्लैंड की टीम में बेन स्टोक्स की वापसी होती दिख रही है।

इंग्लैंड को स्टोक्स की वापसी से मिलेगी मजबूती

बेन स्टोक्स अभी तक विश्व कप के तीनों मैचों में बाहर रहे हैं, लेकिन अब माना जा रहा है कि अगले मैच में उनकी वापसी हो सकती है जो कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 21 अक्टूबर को है। स्टोक्स की वापसी से पहले यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या एक खिलाड़ी के आने से इंग्लैंड का प्रदर्शन बदल जाएगा? क्या बेन स्टोक्स के आ जाने से अन्य खिलाड़ी भी अच्छा खेलने लगेंगे? इन सवालों का जवाब तो स्टोक्स के आने के बाद ही लगेगा, लेकिन इंग्लैंड की टीम कमबैक का दमखम तो रखती है यह उसने 2019 में भी दिखाया था।

2019 में भी इंग्लैंड ने किया था कमबैक

2019 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ हार गई थी। इन बड़ी हार के बाद भी इंग्लैंड ने कमबैक किया और सेमीफाइनल में जगह बनाने के बाद वर्ल्ड चैंपियन बनी थी। पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 14 रन से, श्रीलंका ने 20 रन से और ऑस्ट्रेलिया ने 64 रन से इंग्लैंड को हराया था। ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद इंग्लैंड की टीम ने लगातार तीन जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई। वहां इंग्लैंड ने भारत, न्यूजीलैंड और सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

इंग्लैंड के आने वाले मुकाबले

अफगानिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद इंग्लैंड के आने वाले मैच बिल्कुल भी आसान नहीं हैं। इंग्लैंड अगले मैच में दक्षिण अफ्रीका से 21 अक्टूबर को भिड़ेगी तो वहीं उसके बाद 26 अक्टूबर को श्रीलंका से और 29 अक्टूबर को उसका मुकाबला भारत से होगा। 4 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया से टक्कर होगी। उसके बाद 9 नवंबर को नीदरलैंड्स से उसका मैच होगा। 11 नवंबर को इंग्लैंड का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।