Women’s Asia Cup T20 2022, INDIA WOMEN vs UAE WOMEN: एशिया कप टी20 2022 में 4 अक्टूबर को भारत ने लगातार तीसरी जीत हासिल की। उसने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 104 रन से हराया। इस जीत के साथ ही वह महिला एशिया कप 2022 की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। उसके अब 3 मैच में 6 अंक हो गए हैं। पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमों के 4-4 अंक हैं, लेकिन बिस्माह मारूफ की टीम दूसरे नंबर पर है। नेट रनरेट कम होने के कारण श्रीलंका की टीम तीसरे नंबर पर है।

भारत की महिला एशिया कप टी20 फॉर्मेट में यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। उसने महिला एशिया कप टी20 में दूसरी बार 100 या उससे ज्यादा रन से जीत हासिल की है। उसने इससे पहले 3 जून 2018 को कुआलालंपुर में मलेशिया की टीम को 147 रन से हराया था।

भारत की जीत में जेमिमा रोड्रिग्स ने अहम भूमिका निभाई। जेमिमा महिला एशिया कप टी20 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गईं। उन्होंने 3 मैच की 2 पारियों में दूसरा अर्धशतक लगाया। उनके अब 3 मैच में 151.00 के औसत और 154.08 के स्ट्राइक रेट से 151 रन हो गए हैं। सिलहट के सिलहट आउटर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 178 रन बनाए। यूएई की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 74 रन ही बना पाई।

भारत की शुरुआत खराब हुई थी। उसने 26 गेंद के भीतर महज 19 रन में 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा ने चौथे विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की। दीप्ति शर्मा 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 49 गेंद में 64 रन बनाकर आउट हुईं। जेमिमा ने 11 चौके की मदद से 45 गेंद में नाबाद 75 रन बनाए।

पूजा वस्त्राकर 5 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुईं। किरन नवगिरे ने 4 गेंद में नाबाद 10 रन बनाए। यूएई की ओर से कप्तान छाया मुगल, महिका गौर, ईशा रोहित ऊजा, सुरक्षा कोटे ने एक-एक विकेट लिए। यूएई की ओर से कविशा एगोदागे 30 रन बनाकर नाबाद रहीं। खुशी शर्मा 29 रन बनाकर आउट हुईं। इसके अलावा उनकी कोई भी बैटर दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाई।